लंदन, 31 मार्च (आईएएनएस)। मौजूदा इंग्लिश प्रीमियर लीग चैम्पियन (ईपीएल) मैनचेस्टर सिटी ने शनिवार को यहां 31वें दौर के मुकाबले में फुल्हम को 2-0 से मात देकर तालिका में शीर्ष स्थान पर कब्जा कर लिया है।
बीबीसी के अनुसार, इस अहम जीत के बाद सिटी के 77 अंक हो गए हैं जबकि दूसरे पायदान पर काबिज लिवरपूल के 76 अंक हैं।
फुल्हम के खिलाफ क्रेवन कॉटेज में खेले गए मैच में सिटी ने शुरू से ही अपना दबदबा बनाए रखा और मेजबान टीम की गलतियों का लागातार फायदा उठाया।
मैच के पांचवें मिनट में ही फुल्हम के खिलाड़ी ने अपने 18 गज के बॉक्स के पास गेंद पर से नियंत्रण खो दिया। पुर्तगाल के फारवर्ड बर्नाडो सिल्वा ने इस मौके को जाया नहीं किया और 20 गज की दूरी से गोल करते हुए अपनी टीम को बढ़त दिला दी।
पहला हाफ समाप्त होने से पहले सिटी अपनी बढ़त को दोगुना करने में कामयाब रही।
दमदार फॉर्म में चल रहे स्ट्राइकर सर्जियो अगुएरो ने 27वें मिनट में मौके का लाभ उठाया और गोल करते हुए स्कोर 2-0 कर दिया।
सिटी ने दूसरे हाफ में भी अपना दबदबा बनाए रखा। हालांकि, वे गोल करने में कामयाब नहीं हो पाए, लेकिन मौजूदा चैम्पियन की इस जीत ने लिवरपूल पर दबाव बढ़ा दिया है।
dharmpath.com dharmpath