आईपीएल-12 : रबादा का ‘चौका’, दिल्ली को 150 का लक्ष्य (लीड-1)

बेंगलुरू, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। कगिसो रबादा (21 रन पर 4 विकेट) की अगुवाई में अपने गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर दिल्ली कैपिटल्स ने यहां एम.चिन्नास्वामी स्टेडियम में जारी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 12वें संस्करण के 20वें मैच में रविवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर को आठ विकेट पर 149 रन पर रोक दिया।

टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी बेंगलोर ने 16 के स्कोर पर पार्थिव पटेल (9) और 40 के स्कोर पर अपने विस्फोटक बल्लेबाज अब्राहम डिविलियर्स (17) का विकेट गंवा दिया।

इसके बाद मेजबान टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती चली गई जिसके कारण वह बड़े स्कोर की ओर नहीं बढ़ पाई।

बेंगलोर की ओर से कप्तान विराट कोहली ने 33 गेंदों पर एक चौके और दो छक्के की मदद से 41 और मोइन अली ने 18 गेंदों पर एक चौके और तीन छक्के की मदद से 32 रन का योगदान दिया। दोनों बल्लेबाजों ने चौथे विकेट के लिए सबसे ज्यादा 37 रन की साझेदारी की।

उनके अलावा अक्षदीप नाथ ने 19, मार्कस स्टोयनिस ने 15 और टिम साउदी ने नाबाद नौ रन बनाए।

बेंगलोर ने अंतिम चार ओवर में 35 रन बनाए और चार विकेट भी गंवाए।

दिल्ली के लिए रबादा ने सबसे अधिक चार विकेट चटकाए। इन चार विकेटों में कोहली और डिविलियर्स के विकेट भी शामिल हैं। उनका टी-20 में यह सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।

रबादा के अलावा क्रिस मोरिस ने दो और अक्षर पटेल तथा संदीप लामिछाने ने एक-एक विकेट लिया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493