किंग्सटन (जमैका), 14 जनवरी (आईएएनएस)। वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड (डब्ल्यूआईसीबी) की चयन समिति के अध्यक्ष क्लाइव लॉयड ने विश्व कप टीम में ड्वायन ब्रावो और कीरन पोलार्ड को शामिल नहीं किए जाने पर सलामी बल्लेबाज क्रिस गेल द्वारा की गई आलोचना को निराशाजनक बताया है।
समाचार एजेंसी सीएमसी के अनुसार, क्रिस ने ब्रावो और पोलार्ड को शामिल नहीं किए जाने को हास्यास्पद और दुर्भावनापूर्ण बताया था।
गौरतलब है कि ब्रावो और पोलार्ड को शामिल नहीं करने का मुख्य कारण बीते साल भारत दौरा बीच में रद्द करने वाली कैरेबियाई टीम में दोनों खिलाड़ियों की मुख्य भूमिका को माना जा रहा है।
लॉयड ने एक खेल पत्रिका स्पोर्ट्समाज से कहा, “मैं क्रिस के बयान से निराश हूं। मैं उनकी इज्जत करता हूं लेकिन वह चयनकर्ता नहीं हैं। क्रिस अगर मानते हैं कि ब्रावो और पोलार्ड को नहीं चुना जाना दुर्भावना से प्रेरित है तो मैं कुछ नहीं कह सकता। भारत दौरे की उस टीम में और भी तो खिलाड़ी थे जिन्हें हमने शामिल किया है।”
इससे पहले खिलाड़ियों, बोर्ड और वेस्टइंडीज क्रिकेट प्लेयर्स एसोसिएशन (डब्ल्यूआईपीए) के बीच समझौता कराने में अहम भूमिका निभाने वाले सेंट विंसेंट एंड ग्रेनाडा के प्रधानमंत्री राल्फ गोंसाल्वेज ने भी दोनों खिलाड़ियों को टीम में शामिल नहीं करने के कदम को गलत बताया था।
लॉयड और डब्ल्यूआईसीबी के अध्यक्ष डेव कैमरन हालांकि इससे इंकार कर रहे हैं। उनका मानना है कि टीम प्रदर्शन के आधार पर चुनी गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
dharmpath.com dharmpath