ब्रॉडबैंड कारोबार पर विदेशी कंपनियों की नजर : रविशंकर

नई दिल्ली, 14 जनवरी (आईएएनएस)। केंद्रीय संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री रविशंकर प्रसाद ने बुधवार को कहा कि देश में केबल टेलीविजन नेटवर्क के माध्यम से ब्रॉडबैंड के लिए प्रौद्योगिकी उपलब्ध कराने के लिए विदेशी कंपनियों ने दिलचस्पी दिखाई है।

उन्होंने कहा, “अलीगढ़, वृंदावन तथा मथुरा में केबल टीवी सेवा प्रदान करने वाली एक कंपनी अपने विदेशी साझेदार के साथ मिलकर केबल टीवी नेटवर्क द्वारा ब्रॉडबैंड सेवा प्रदान कर रही है। इस ओर कई विदेशी कंपनियों का ध्यान गया है।”

राष्ट्रीय राजधानी में इंटरनेट एंड मोबाइल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (आईएएमएआई) द्वारा आयोजित एक समारोह के दौरान प्रसाद ने ये बातें कही।

देश में ब्रॉडबैंड सेवा तथा नेशनल ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क (एनओएफएन) परियोजना पर उन्होंने कहा, “मैं इस बात को स्वीकार करता हूं कि भारत में ब्रॉडबैंड कनेक्शन कम हैं और समयबद्ध तरीके से इसके समाधान के लिए हम एनओएफएन पर काम कर रहे हैं।”

उन्होंने कहा, “बीते 25 सालों में लगभग 30 किलोमीटर फाइबर बिछाया गया था, जबकि एनओएफएन के तहत हमने लगभग तीन सालों में सात लाख किलोमीटर फाइबर बिछाने की योजना बनाई है।”

उल्लेखनीय है कि केरल के इदुक्की जिले में 12 जनवरी को भारत का पहला हाई-स्पीड ब्रॉडबैंड नेटवर्क शुरू किया गया।

मंत्री ने कहा कि एक बार जब कंपनियां सूचनाएं स्थानीय भाषाओं में विकसित करना शुरू कर देंगी, तब सेवा को इलेक्ट्रॉनिक रूप में जनता तक पहुंचाने में सरकार को सहूलियत मिलेगी।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493