पोटरे (पुर्तगाल), 17 अप्रैल (आईएएनएस)। इंग्लिश क्लब लिवरपूल के मुख्य कोच जुर्गन क्लॉप ने पोटरे के खिलाफ मैच से पहले कहा कि उनकी टीम कड़ा मुकाबला करते हुए जीत दर्ज करना चाहती है।
लिवरपूल बुधवार देर रात यहां यूरोपीय चैम्पियंस लीग क्वार्टर फाइनल के दूसरे लेग में पुर्तगाली क्लब से भिड़ेगी। पहले लेग में इंग्लिश क्लब ने पोटरे को 2-0 से हराया था।
बीबीसी ने क्लॉप के हवाले से बताया, “हम अच्छी लय में हैं, हम फुटबाल खेलना चाहते हैं और कड़ा मुकाबला करना चाहते हैं। हम एनफील्ड पर मिले नतीजे का उपयोग करना चाहेंगे और बढ़े हुए आत्मविश्वास के साथ पोटरे का सामना करेंगे।”
क्लॉप ने कहा, “वे हमेशा बेहतरीन माहौल में जुझारू फुटबाल खेलते हैं। पहली किक से ही वे एक लक्ष्य को हासिल करने के लिए आगे बढ़ेंगे। अगर हम घरेलू मुकबाले से पहले 2-0 से पीछे होते तो क्या हम यह सोचते कि हम मुकाबले से बाहर हो गए हैं? बिल्कुल नहीं। पोटरे भी यही सोच रही है।”
लिवरपूल ने पिछले वर्ष चैम्पियंस लीग के फाइनल में जगह बनाई थी जहां उसे स्पेनिश दिग्गज रियल मेड्रिड ने शिकस्त दी थी।
dharmpath.com dharmpath