कमजोर विदेशी संकेतों से सोने-चांदी में आई नरमी

नई दिल्ली, 1 मई (आईएएनएस)। विदेशी बाजार से मिले कमजोर संकेतों और डॉलर के मुकाबले रुपये में आई रिकवरी से घरेलू बाजार में बुधवार को सोने और चांदी में नरमी देखी गई। औद्योगिक मांग कमजोर रहने से चांदी में ज्यादा गिरावट रही। बाजार की नजर बहरहाल अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व की बैठक पर है।

महाराष्ट्र दिवस के अवकाश के कारण घरेलू वायदा बाजार मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर दिन के सत्रों में कारोबार बंद रहा, लेकिन शाम के सत्र में जब कारोबार शुरू हुआ तो विदेशी बाजार से मिले कमजोर संकेतों से सोने और चांदी के भाव नरम रहे।

एमसीएसक्स पर सोने का जून एक्स्पायरी अनुबंध शाम 19.36 बजे पिछले सत्र के मुकाबले 32 रुपये की कमजोरी के साथ 31,724 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बना हुआ था, जबकि इससे पहले भाव 31,655 रुपये प्रति 10 ग्राम तक फिसला।

चांदी का मई अनुबंध 355 रुपये की गिरावट के साथ 36,854 रुपये प्रति किलोग्राम पर बना हुआ था, जबकि इससे पहले भाव 36,787 रुपये प्रतिकिलोग्राम तक फिसला।

दिल्ली में 22 कैरट सोने का हाजिर भाव 32,695 रुपये और 24 कैरट सोने का भाव 32,845 रुपये प्रति 10 ग्राम था। पिछले सत्र में 22 कैरट सोना 32,820 रुपये और 24 कैरट सोने का भाव 32,970 रुपये प्रति 10 ग्राम था।

अंतर्राष्ट्रीय बाजार कॉमेक्स पर सोने का जून अनुबंध 2.65 डॉलर की कमजोरी के साथ 1,283.05 डॉलर प्रति औंस पर बना हुआ था। वहीं, चांदी का जुलाई अनुबंध 1.21 फीसदी की गिरावट के साथ 14.08 डॉलर प्रति औंस पर बना हुआ था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493