ध्यानचंद थे भारत रत्न के पहले हकदार : मिल्खा

नई दिल्ली, 16 जनवरी (आईएएनएस)। पूर्व में हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को भारत रत्न देने की वकालत कर चुके दिग्गज एथलीट मिल्खा सिंह ने शुक्रवार को कहा कि ध्यानचंद यह पुरस्कार पाने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी होने चाहिए थे।

गेल इंडिया द्वारा त्यागराज स्टेडियम में आयोजित ‘फास्टेस्ट इंडियन’ प्रतियोगिता के फाइनल चरण के दौरान मिल्खा सिंह ने कहा, “मेरी नजर में ध्यानचंद इस पुरस्कार के पहले हकदार थे। उन्होंने देश की हॉकी को एक नई ऊंचाई प्रदान की। सचिन तेंदुलकर को हालांकि पहले चुना गया तो भी यह अच्छी बात है क्योंकि अब खिलाड़ियों के लिए इस पुरस्कार के रास्ते खुल गए हैं।”

मिल्खा सिंह के अनुसार ध्यानचंद जिस प्रकार का हॉकी खेल गए वह शायद ही अब कोई खेल सकेगा। ‘उड़न सिख’ ने कहा कि अब ध्यानचंद को इस पुरस्कार से जरूर सम्मानित किया जाना चाहिए।

गौरतलब है कि पूर्व के नियमों के अनुसार खिलाड़ियों को भारत रत्न के लिए नामांकित नहीं किया जा सकता था लेकिन सचिन तेंदुलकर के लिए इस नियम में सरकार ने विशेष बदलाव किए।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493