आईपीकेएल : पुणे की पहली हार, पांडिचेरी की तीसरी जीत

मैसुरू, 24 मई (आईएएनएस)। पांडिचेरी प्रीडेटर्स ने शुक्रवार को यहां खेले गए इंडो इंटरनेशनल प्रीमियर कबड्डी लीग (आईपीकेएल) के पहले सीजन के दूसरे चरण के पहले दिन के पहले मुकाबले में पुणे प्राइड को 41-33 से हरा दिया। यह इस सीजन में पुणे की पहली हार है जबकि पांडिचेरी ने तीसरी जीत हासिल की है।

इस रोमांचक मैच में पांडिचेरी की टीम ने पहले क्वार्टर में 10-9, दूसरे में 12-6, तीसरे में 7-12 और चौथे में 12-6 से जीत हासिल की। पांडिचेरी के लिए आर. सुरेश कुमार ने सबसे अधिक 11 अंक बटोरे जबकि सोमबीर ने छह तथा सोनी ने पांच अंक जुटाए। पुणे राउंड में अपने सभी मैच जीतने वाली पुणे की टीम की ओर से शेख अब्दुल और अमरजीत ने सात-सात अंक बनाए।

पहला क्वार्टर काफी रोमांचक रहा। पांडिचेरी की टीम ने 10-9 की बढ़त के साथ यह क्वार्टर समाप्त किया। उसने 3-0 के साथ शुरुआत की थी लेकनि एक समय पुणे ने 8-8 की बराबरी हासिल कर ली। अगले दो अंक हालांकि पांडिचेरी के नाम रहे और इस तरह उसने पहले क्वार्टर की समाप्ति दो अंकों की बढ़ते साथ की।

पांडिचेरी की टीम पुणे को कोई मौका नहीं देना चाहती थी और इसी कारण उसने दूसरे क्वार्टर की शुरुआत 4-0 की बढ़त के साथ की। स्कोर 14-9 हो चुका था। यहां पांडिचेरी ने पुणे को ऑलआउट कर स्कोर 17-9 कर दिया। इसके बाद भी पांडिचेरी के कदम नहीं रुके और उसने एक के बाद एक अंक लेते हुए 21-9 की बढ़त हासिल की।

बड़ी देर बार पुणे को दो अंक प्राप्त हुए और स्कोर 21-11 हुआ लेकिन पांडिचेरी ने एक अंक लेते हुए स्कोर 22-11 कर दिया। पुणे की टीम भी कम नहीं थी। उसने सुपर टैकल के माध्यम से दो अंक बटोरे और स्कोर 22-13 कर दिया। इसके बाद संदीप खरब ने दो अंक दिलाते हुए पुणे का स्कोर 15-22 कर दिया।

पुणे ने तीसरे क्वार्टर की धमाकेदार शुरुआत की और 7-2 की बढ़त हासिल कर ली। उसने पांडिचेरी को मैच में पहली बार ऑलआउट किया और स्कोर 22-24 कर लिया। और एक समय ऐसा भी आया जब पुणे की टीम ने बेहतरीन खेल के दम पर स्कोर 27-27 कर लिया लेकिन इस क्वार्टर के अंतिम रेड में मिले दो अंकों के साथ पांडिचेरी ने 29-27 की बढ़त हासिल कर ली। इस क्वार्टर में पुणे को 12 और पांडिचेरी को पांच अंक प्राप्त हुए।

अंतिम क्वार्टर में पांडिचेरी ने लगातार अंक लिए और एक समय 33-28 की बढ़त बना ली। इसके बाद उसने पुणे को दूसरी बार ऑलआउट कर अपनी बढ़त को 37-28 कर लिया लेकिन इसके बाद पुणे ने दो अंक लेकर स्कोर 37-30 कर मैच में रोमांच लाने की कोशिश की लेकिन उसके तमाम प्रयासों के बावजूद पुणे को अंक मिलते रहे और 39-31 हो गया। इसके बाद अंतिम पलो में दोनों टीमों के बीच जोरदार संघर्ष हुआ लेकिन पुणे की टीम फासले को नहीं भर सकी।

लीग का पहला चरण पुणे में हुआ था और पुणे की टीम अपने पांच के पांच मैच जीतकर 10 मैचों के साथ जोन-ए में पहले स्थान पर रही थी। पांडिचेरी की टीम ने पांच में से दो मैच जीतकर चार अंकों के साथ तालिका में दूसरा स्थान हासिल किया। इस पूल में बेंगलोर राइनोज और हरियाणा हीरोज टीमों भी हैं। बेंगलोर की चार अंकों के साथ तीसरे और हरियाणा दो अंकों के साथ चौथे स्थान पर है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493