ईद के दिन ‘भारत’ ने कमाए 42 करोड़ रुपये

मुंबई, 6 जून (आईएएनएस)। सुपरस्टार सलमान खान की फिल्म ‘भारत’ ईद पर हुई अपनी रिलीज के पहले ही दिन 42 करोड़ रुपये की कमाई की।

इससे पहले उनकी फिल्म जैसे कि ‘सुल्तान’ भी ईद ही के दिन रिलीज हुई थी और इस फिल्म ने भी बॉक्स ऑफिस पर काफी अच्छा प्रदर्शन किया था।

व्यापार विशेषज्ञ तरण आदर्श के मुताबिक, ‘भारत’ जिसमें अभिनेत्री कैटरीना कैफ भी हैं, ईद पर रिलीज हुई सलमान की अब तक की फिल्मों में पहले ही दिन सबसे अच्छी कमाई की है।

तरण ने गुरुवार को ट्वीट किया, “‘भारत’ के पहले दिन के प्रदर्शन को देखते हुए यह फिर से साबित हो गया कि दर्शकों को थिएटर तक खींचने में सलमान का मुकाबला कोई और नहीं कर सकता है। ‘भारत’ की ओपेनिंग सलमान के अन्य फिल्मों जैसे कि अली अब्बास जफर की ‘टाइगर जिंदा है’ (34.10 करोड़ रुपये) और ‘सुल्तान’ (36.54 करोड़ रुपये) के मुकाबले कहीं ज्यादा रही। ‘भारत’ ने बुधवार को भारत में (42.30 करोड़ रुपये) का व्यापार किया।”

अली अब्बास जफर द्वारा निर्देशित फिल्म ‘भारत’, कोरियाई फिल्म ‘एन ओड टू माई फादर’ का आधिकारिक रूपांतरण है। इस बॉलीवुड फिल्म में एक साधारण व्यक्ति के जीवन के माध्यम से भारत के इतिहास को दिखाया गया है।

दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया पाने के बाद जफर ने एक बयान में कहा, “दर्शकों द्वारा फिल्म को इस तरह प्यार किए जाने से विनम्र हूं। मैंने सलमान को एक नए अवतार और ‘भारत’ के साथ एक बिल्कुल नए हीरो के रूप में पेश करने का प्रयास किया।”

जफर ने यह भी कहा, “मैं खुश हूं कि ‘भारत’ को पूरी तरह से एक मनोरंजक फिल्म जिसमें फिल्म की कहानी का भी सही से ध्यान रखा गया है, को बनाने के हमारे इस प्रयास को दर्शकों ने पसंद किया।”

इस फिल्म में सुनील ग्रोवर, जैकी श्रॉफ, तब्बू, सतीश कौशिक और दिशा पटानी भी हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493