आईटी सेक्टर की लिवाली से शेयर बाजार में रहा तेजी का रुझान (राउंडअप)

मुंबई, 10 जून (आईएएनएस)। भारतीय शेयर बाजार में सोमवार को मजबूत विदेशी संकेतों और आईटी सेक्टर में जोरदार लिवाली रहने से कारोबारी रुझान सकारात्मक बना रहा। बीएसई का प्रमुख संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 168.62 अंकों यानी 0.43 फीसदी की तेजी के साथ 39,784.52 पर बंद हुआ। एनएसई का प्रमुख संवेदी सूचकांक निफ्टी भी 52.05 अंकों यानी 0.44 फीसदी की तेजी के साथ 11,922.70 पर बंद हुआ।

बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स सुबह 171.43 अंकों की मजबूती के साथ 39,787.33 पर खुला और कारोबार के दौरान 39,979.48 तक उछला। सेंसेक्स का निचला स्तर 39,619.97 रहा।

इसी प्रकार, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 64.25 अंकों की बढ़त के साथ 11,934.90 पर खुला और दिनभर के कारोबार के दौरान निफ्टी 11,975.05 तक उछला जबकि इसका निचला स्तर 11,871.75 रहा।

बीएसई के मिड-कैप सूचकांक में तेजी बनी रही, जबकि स्मॉल-कैप सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुआ। मिड-कैप सूचकांक 16.69 अंकों यानी 0.11 फीसदी की तेजी के साथ 14,923.07 पर बंद हुआ, जबकि स्मॉल-कैप सूचकांक 72.50 अंकों यानी 0.49 फीसदी की गिरावट के साथ 14,584.59 पर रहा।

सेंसेक्स के सबसे ज्यादा तेजी वाले पांच प्रमुख शेयरों में टीसीएस (2.39 फीसदी), इन्फोसिस (1.93 फीसदी), भारतीय एयरटेल (1.60 फीसदी), आईटीसी (1.34 फीसदी) और एलएंडटी (1.25 फीसदी) शामिल रहे।

सेंसेक्स के सबसे ज्यादा गिरावट वाले पांच प्रमुख शेयरों में यसबैंक (2.89 फीसदी), टाटामोटर्स (1.92 फीसदी), कोल इंडिया (1.89 फीसदी), ओएनजीसी (1.67 फीसदी) और कोटक बैंक (0.64 फीसदी) शामिल रहे।

बीएसई के 15 सेक्टरों के सूचकांकों में तेजी रही जबकि चार में गिरावट दर्ज की गई। सबसे ज्यादा तेजी वाले सेक्टरों में सूचना प्रौद्योगिकी (1.78 फीसदी), टेक (1.61 फीसदी), फास्ट मूविंग कंज्यूमर गुड्स (1.10 फीसदी), पूंजीगत वस्तु (0.74 फीसदी) और दूरसंचार (0.61 फीसदी) शामिल रहे।

बीएसई पर कुल 3,034 प्रतिभूतियों में कारोबार हुआ जिनमें से 1,110 में तेजी रही जबकि 1,730 में गिरावट दर्ज की गई। कारोबार के आखिर में 194 प्रतिभूतियों में कोई बदलाव नहीं दर्ज किया गया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493