छग : मुख्यमंत्री बघेल हार्वर्ड के ‘इंडिया कॉन्फ्रेंस’ में शामिल होंगे

रायपुर, 10 फरवरी – छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 11 फरवरी से अमेरिका के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री सैन फ्रांसिस्को, बोस्टन और न्यूयॉर्क में कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वह 15-16 फरवरी को हार्वर्ड में आयोजित ‘इंडिया कॉन्फ्रेंस’ के विशेष चर्चा में भी हिस्सा लेंगे, जहां ‘लोकतांत्रिक भारत में जाति और राजनीति’ विषय पर वह व्याख्यान देंगे। राज्य सरकार की तरफ से जारी बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री बघेल अपने 10 दिवसीय अमेरिका प्रवास पर नई दिल्ली से 11 फरवरी को रवाना होंगे। इस दौरान बघेल हार्वर्ड में आयोजित ‘इंडिया कॉन्फ्रेंस’ में शामिल होने के साथ ही उद्योग से जुड़े विभिन्न प्रतिनिधियों से चर्चा कर उन्हें छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए आकर्षित करेंगे।

बयान के अनुसार, ‘इंडिया कॉन्फ्रेंस’ में बघेल के साथ चर्चा का संचालन विद्वान और कार्यकर्ता सूरज येंगडे करेंगे। वहीं, मुख्यमंत्री अमेरिका में रहने वाले छत्तीसगढ़ियों से भी मुलाकात करेंगे। इसके अलावा वह नोबेल विजेता अभिजीत बनर्जी से भी मुलाकात करेंगे।

गौरतलब है कि ‘इंडिया कॉन्फ्रेंस’ अमेरिका में भारत पर ध्यान केंद्रित करने वाले सबसे बड़े छात्र-सम्मेलनों में से एक है। इसे हार्वर्ड विश्वविद्यालय के स्नातक छात्रों द्वारा आयोजित किया जाता है। इसकी 17वीं वर्षगांठ पर 15 और 16 फरवरी को भूपेश बघेल कार्यक्रम में शामिल होंगे।

About Dharm Path


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493