मप्र में भाजपा के 3 उम्मीदवारों ने पर्चे भरे

भोपाल, 13 मार्च- मध्य प्रदेश में राज्यसभा की तीन सीटों के लिए होने वाले चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से तीन लोगों ने नामांकन भरा है। भाजपा को अपने एक उम्मीदवार डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी का नामांकन रद्द होने की आशंका है। भाजपा की ओर से 26 मार्च के चुनाव के लिए पूर्व केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, डॉ़ सुमेर सिंह सोलंकी और पूर्व मंत्री रंजना बघेल ने शुक्रवार को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं एवं सैंकड़ों कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में राज्यसभा चुनाव के लिए अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।

सूत्रों का कहना है कि भाजपा ने सिंधिया और डॉ. सोलंकी को अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया था। डॉ. सोलंकी सरकारी महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक हैं, लिहाजा चुनाव लड़ने से पहले उनका सरकारी सेवा से इस्तीफा देना और उसका मंजूर होना आवश्यक है।

डॉ. सोलंकी ने इस्तीफा प्राचार्य को दिया, मगर शासन की ओर से मंजूर नहीं हुआ है। ऐसी स्थिति में डॉ. सोलंकी का नामांकन रद्द भी हो सकता है। इस विपरीत स्थिति से निपटने के लिए भाजपा ने रंजना बघेल का भी नामांकन भरवाया है।

भाजपा के प्रदेश कार्यालय से तीनों उम्मीदवार रवाना होकर सीधे विधानसभा पहुंचे। गाड़ियों के काफिले में कई बड़े नेता उनके साथ थे। राज्यसभा उम्मीदवारों के साथ केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा, प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा, नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव, पूर्व मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, यशोधराराजे सिंधिया, भूपेन्द्र सिंह, रामपाल सिंह, माया सिंह, सांसद प्रज्ञा सिंह सहित पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

About Dharm Path


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493