मध्य प्रदेश: कांग्रेस विधायक का बेटा बलात्कार मामले में छह महीने से फ़रार

उज्जैन के बड़नगर क्षेत्र के कांग्रेस विधायक मुरली मोरवाल के बेटे करण मोरवाल के ख़िलाफ़ इंदौर के महिला थाने में दो अप्रैल को बलात्कार का मामला दर्ज किया गया था. प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने आरोपी की सूचना देने पर इनाम की राशि बढ़ा दिए जाने की घोषणा करते हुए कहा कि यदि कांग्रेस विधायक के बेटे करण ने दो दिनों में सरेंडर नहीं किया तो सरकार ऐसा क़दम उठाएगी, जो प्रदेश में ऩजीर बन जाएगी.

इंदौर-मध्य प्रदेश में एक महिला नेता से कथित तौर पर बलात्कार के मामले में उज्जैन जिले के बड़नगर से कांग्रेस विधायक मुरली मोरवाल के पिछले छह महीने से फरार बेटे करण की तलाश कर रही पुलिस ने मंगलवार को आरोपी के छोटे भाई से पूछताछ की.

इंदौर के महिला पुलिस थाने की प्रभारी ज्योति शर्मा ने संवाददाताओं को बताया, ‘हमने बलात्कार के आरोपी करण मोरवाल (30 वर्ष) की तलाश में मुखबीर की सूचना पर मंगलवार को एक स्थान पर दबिश दी, लेकिन वह नहीं मिला.’

शर्मा ने बताया कि करण के नहीं मिलने पर उसके छोटे भाई शिवम को महिला पुलिस थाने लाकर पूछताछ की गई क्योंकि जांचकर्ताओं को लगता है कि उन्हें पता है कि बलात्कार का आरोपी कहां छिपा है.

अपने छोटे बेटे शिवम से पुलिस की पूछताछ के बीच नाटकीय घटनाक्रम के तहत उज्जैन के बड़नगर क्षेत्र के कांग्रेस विधायक मुरली मोरवाल इंदौर के महिला थाने से सटे पलासिया थाने पहुंच गए और अफसरों से बंद कमरे में चर्चा की.

चर्चा के बाद विधायक जैसे ही पलासिया पुलिस थाने से बाहर निकले, मीडिया ने उनसे उनके बड़े बेटे करण के छह महीने से फरार चलने के बारे में सवाल किए. हालांकि, वह सिर्फ इतना कहकर थाने से तुरंत रवाना हो गए कि उन्हें मीडिया के सामने अपना पक्ष नहीं रखना है.

कांग्रेस विधायक के थाने पहुंचकर पुलिस अफसरों से चर्चा के बारे में पूछे जाने पर महिला थाना प्रभारी शर्मा ने कहा, ‘विधायक ने हमें आश्वस्त किया है कि वह अपने फरार बेटे करण को जल्द ही पुलिस के सामने पेश करेंगे.’

इंदौर पुलिस ने उसे भगौड़ा घोषित कर दिया है. करण की तलाश इंदौर पुलिस की क्राइम ब्रांच, महिला थाना पुलिस के साथ ही बड़नगर पुलिस कर रही है. उनकी तलाश में पुलिस कई जगह दबिश दे चुकी है, इसके बावजूद उनका पता नहीं चल सका है.

अब इंदौर क्षेत्र के आईजी हरिनारायणचारी मिश्र ने जानकारी दी कि करण पर इनाम की राशि बढ़ा दी है. पहले उस पर पांच हजार रुपये का इनाम था, जिसके बाद उसे बढ़ाकर 15 हजार रुपये कर दिया गया था. अब इनामी राशि और भी बढ़ाते हुए 25 हजार रुपये कर दिया गया है.

मिश्र ने बुधवार को कहा कि पुलिस हर संभावित जगह पर करण की तलाश कर रही है. इसी प्रयास में वह सात आठ जगह दबिश भी दे चुकी है. करण को पकड़ने के लिए पुलिस कोई कसर नहीं छोड़ रही है. उन्होंने संभावना जताई कि करण जल्द की पकड़ में आ जाएगा.

अधिकारियों के मुताबिक, मामला दर्ज कराने वाली महिला नेता का आरोप है कि विधायक के 30 वर्षीय बेटे ने शादी का झांसा देकर उसके साथ बलात्कार किया.

About Dharm Path


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493