मप्र में महिला पर्यटकों को रक्षाबंधन का उपहार- चलेगा ‘संकल्प-सुरक्षित पर्यटन का’ अभियान

भोपाल- मध्य प्रदेश के पर्यटन स्थल महिला पर्यटकों के लिए सुरक्षित है। इसका संदेश आमजन तक पहुंचाने के मकसद से पर्यटन और संस्कृति एवं मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड ने रक्षा बंधन के मौके पर नई पहल की है। इस पहल का मकसद पर्व व परंपराओं को लेकर अपनेपन का अहसास कराना और सुरक्षा का भाव जगाना है। राज्य के पर्यटन और संस्कृति एवं मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड ने मिलकर रक्षाबंधन के मौके पर जो नई पहल की है इसके मुताबिक प्रदेश के पर्यटन स्थलों में महिला पर्यटकों के मन में और भी अधिक सुरक्षा और सहजता का भाव विकसित करने वाले इस अभियान का नाम है ‘संकल्प-सुरक्षित पर्यटन का’ अभियान। यह अभियान 25 अगस्त तक चलेगा।

राज्य के पर्यटन और संस्कृति एवं प्रबंध संचालक मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड शिव शेखर शुक्ला ने बताया है कि इस अभियान के जरिए पर्यटकों के मन में प्रदेश के सांस्कृतिक और सामाजिक पर्वों एवं परंपराओं से अपनेपन और सुरक्षा का भाव पैदा किया जायेगा। इसमें पर्यटक रक्षा संकल्प के साथ स्थानीय महिलाओं और पर्यटकों द्वारा सेवा-प्रदाताओं को रक्षा-सूत्र बंधन, भुजरिया पर्व में भुजरिया देकर सुरक्षा-आश्वासन और होटलों में सावन के झूले लगाने जैसी रचनात्मक गतिविधियां होंगी।

प्रमुख सचिव शुक्ला ने कहा कि इससे प्रदेश में पर्यटन को और अधिक सुरक्षित, सहज एवं बेहतर बना कर पर्यटकों को आकर्षित किया जा सकेगा। इसमें सामुदायिक जागरूकता और संवेदनशीलता आवश्यक है।

उल्लेखनीय है कि महिला एवं बाल विकास और पर्यटन मंत्रालय के सहयोग से मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड ‘महिलाओं के लिए सुरक्षित पर्यटन योजना’ प्रदेश के 50 पर्यटन स्थलों पर संचालित कर रहा है। इसका उद्देश्य प्रदेश के पर्यटन स्थलों पर महिला पर्यटकों में सुरक्षा और सहजता का भाव जागृत करना है, जिससे वे पर्यटन के दौरान आनंद की अनुभूति कर सकें।

About Dharm Path


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493