मप्र में आम आदमी पार्टी दिल्ली और पंजाब के मॉडल और स्थानीय मुद्दों पर लडेगी चुनाव: रानी अग्रवाल

भोपाल। आम आदमी पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष रानी अग्रवाल ने बुधवार को छतरपुर और निवाड़ी जिले का दौरा किया। छतरपुर में रानी अग्रवाल की अगुवाई में आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने विशाल वाहन रैली निकाली। नगर के मेन बाजार से होते हुए रैली कई इलाकों से होकर निकली।

रानी अग्रवाल ने छतरपुर में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार सिर्फ हवा-हवाई बातें करती है जबकि जमीन पर कोई काम नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में भाजपा राज में भ्रष्टाचार चरम पर है और हर योजना में घोटाले हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में आम आदमी पार्टी विकास के दिल्ली और पंजाब मॉडल और स्थानीय मुद्दों पर चुनाव लड़ेगी।

छतरपुर के बाद आम आदमी पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष रानी अग्रवाल जिले के नौगांव पहुंची जहां उनका शानदार स्वागत हुआ। सैकड़ों वाहन के साथ हजारों कार्यकर्ताओं ने नगर में वाहन रैली निकालकर महाराजपुर विधानसभा में शक्ति प्रदर्शन किया। नौगांव के बाद आप प्रदेश अध्यक्ष रानी अग्रवाल निवाड़ी पहुंची। निवाड़ी में रानी अग्रवाल ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश की जनता अब परिवर्तन चाहती है और आम आदमी पार्टी के तौर पर उसे बेहतर विकल्प मिल गया है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियों की सरकार रही लेकिन प्रदेश का विकास नहीं हो पाया। 20 सालों की सरकार में भाजपा लोगों को सड़क, बिजली, पानी और अस्पताल,स्कूल जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं दे पाई। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में हर रोज नए नए घोटाले सामने आ रहे हैं। भाजपा राज में मध्य प्रदेश घोटालों का प्रदेश बन गया है।

About Dharm Path


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493