राजगढ़– मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह इस बार लोकसभा चुनाव में राजगढ़ संसदीय क्षेत्र से मैदान में हैं। राजगढ़ फतह के लिए पूर्व सीएम तय कार्यक्रम के अनुसार रविवार से पदयात्रा पर निकले हैं। ‘वादा निभाओ पदयात्रा’ के माध्यम से सिंह सीधे जनता से जुड़ रहे हैं और उनसे संवाद कर रहे हैं। साथ ही भाजपा सरकार की वादाखिलाफी से मतदाताओं को अवगत करा रहे हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने रविवार सुबह सुसनेर विधानसभा क्षेत्र में नलखेड़ा से माता बगलामुखी का आशीर्वाद लेकर 21 किलोमीटर की वादा निभाओ पदयात्रा शुरू की। यात्रा चौक बाजार से शुरू होकर ग्राम कचनारिया, पिपलिया सेंत, रामनगर, भिडोन, गुराडिया खाती और टीकोन होते हुए ग्राम मोहन पहुंची। यहां सिंह ने नुक्कड़ सभा को संबोधित किया। यहां से यात्रा सारंगपुर विधानसभा क्षेत्र में प्रवेश करेगी।

इससे पहले नलखेड़ा में मीडिया से बातचीत के दौरान पूर्व सीएम दिग्विजय ने जनता से भाजपा सरकार के खिलाफ इस लड़ाई में एकजुट होने का आह्वान किया। सिंह ने कांग्रेस से पाला बदलकर भाजपा में शामिल होने वाले अवसरवादी नेताओं पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राजनीति विचारधारा की लड़ाई होती है। जो लोग कांग्रेस छोड़कर जा रहे हैं, उन्हें धंधा करना है, दलाली करनी है। वे अकेले जा रहे हैं, जनता उनके साथ नहीं जा रही है।

इस दौरान कांग्रेसजनों द्वारा जनता को सरकार की वादाखिलाफी से जुड़ी हैंडबिल्स बांटे जा रहे हैं। इसमें लिखा है कि भाजपा ने विधानसभा चुनाव में किसानों को गारंटी दी थी कि गेंहू का समर्थन मूल्य 2700 रू. प्रति क्विंटल कर दिया जायेगा परंतु किसानों का पंजीयन मात्र 2275 रू. प्रति क्विंटल पर किया गया है। यह म.प्र. के किसानों के साथ बीजेपी सरकार की वादा खिलाफी है। हमारी मांग है कि सरकार वादा निभाओ अन्नदाता को गेंहू का 2700 रु प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य दो।

इसमें आगे लिखा है कि भाजपा ने विधानसभा चुनाव में लाड़ली बहना योजना की राशि 1000 रू. प्रतिमाह से बढ़ाकर 3000 रू. प्रतिमाह देने का वादा किया था परन्तु अभी तक भी लाड़ली बहनाओं को 1250 रू. ही मिल रहे है उसमें भी कटनी-छटनी की जा रही है। हमारी मांग है कि सरकार वादा निभाओ नारी शक्ति को 3000 रु. प्रतिमाह दो। साथ ही भाजपा ने विधानसभा चुनाव में सस्ता गैस सिलेंडर 450 रू. में देने का वादा किया था परन्तु अभी भी गैस सिलेंडर 873 रू. में मिल रहा हैं। हमारी मांग है सरकार वादा निभाओ सस्ता गैस सिलेंडर दो।

About Dharm Path


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493