पटना-राजद (राष्ट्रीय जनता दल) से 6 साल के लिए निष्कासित किए जाने के बाद तेज प्रताप यादव ने 2025 के विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा ऐलान किया है. उन्होंने कहा कि चाहे पार्टी टिकट दे या न दे, वो महुआ विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे. अगर आरजेडी से टिकट नहीं मिला तो निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर मैदान में उतरेंगे, और पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी को हराकर दिखाएंगे. तेज प्रताप ने महुआ को अपनी कर्मभूमि बताते हुए कहा कि यहीं से उन्होंने राजनीति की शुरुआत की थी और इसी सीट से विधायक बनने के बाद बिहार के स्वास्थ्य मंत्री भी बने थे. उन्होंने लोगों से जुड़े रहने का दावा करते हुए कहा कि जनता आज भी उन्हें बुला रही है.
जब तेज प्रताप से यह पूछा गया कि अगर वे जीतते हैं तो तेजस्वी यादव को समर्थन देंगे या नहीं, तो उन्होंने सीधा जवाब देने से इनकार कर दिया. उन्होंने कहा, अभी से क्यों बता दूं? उन्होंने यह भी कहा कि छोटे भाई को आशीर्वाद है, लेकिन उनके आसपास जयचंद जैसे लोग हैं जो शायद तेजस्वी को मुख्यमंत्री नहीं बनने देंगे. तेज प्रताप ने यह भी स्पष्ट किया कि नीतीश कुमार अब फिर से मुख्यमंत्री नहीं बन पाएंगे, लेकिन नए मुख्यमंत्री के सवाल पर चुप्पी साध ली.
dharmpath.com dharmpath