आगर में भाजपा नेता की कार से 5 करोड़ की एमडी ड्रग्स बरामद

आगर-मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले से बड़ी खबर सामने आई है। यहां अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। थाना कोतवाली पुलिस ने भाजपा मंडल उपाध्यक्ष और ग्राम पंचायत थड़ौदा के सरपंच प्रतिनिधि राहुल आंजना की आर्टिगा कार समेत दो वाहनों से 5 करोड़ रुपए से अधिक की ड्रग्स बरामद की है। इस कार्रवाई में दो आरोपी गिरफ्तार हुए, जबकि मुख्य आरोपी भाजपा नेता राहुल आंजना मौके से फरार हो गया।

रिपोर्ट्स के मुताबिक पुलिस ने शुक्रवार को बड़ौद मार्ग पर दो वाहनों से 9.250 किलो केटामाइन और 6 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की है। इसके अलावा 12.100 किलो अमोनियम क्लोराइड पाउडर और 35 लीटर आइसोप्रोपाइल अल्कोहल भी जब्त किया गया है। जब्त सामग्री की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 5 करोड़ 7 लाख रुपए आंकी गई है।

एक्सपर्ट्स के मुताबिक, एक किलो केटामाइन से 10 किलो एमडी ड्रग्स बनाई जा सकती है। इसमें अमोनियम क्लोराइड और स्प्रिट का इस्तेमाल होता है। पुलिस को आशंका है कि यहां फैक्ट्री स्तर पर एमडी ड्रग्स का उत्पादन हो रहा था। पुलिस ने ईश्वर मालवीय और दौलत सिंह आंजना नाम के आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हालांकि, मुख्य आरोपी भाजपा तनोडिया मंडल उपाध्यक्ष राहुल आंजना फरार है। पुलिस ने उसके घर से कई संदिग्ध दस्तावेज भी बरामद किए हैं।

बताया जा रहा है कि जांच में राहुल आंजना के पिछले दो साल के मोबाइल डेटा और बैंक लेनदेन से कई अहम सुराग मिले हैं। इनसे बड़े सप्लायर और खरीदारों के बीच सौदों की जानकारी सामने आई है। पुलिस को उसके खातों में बेहिसाब रकम के लेनदेन और संदिग्ध ट्रांजैक्शन भी मिले हैं। मुख्य आरोपी राहुल आंजना के भाजपा के बड़े नेताओं के साथ खिंचवाए गए फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजय लक्ष्मी तंवर ने भाजपा सरकार पर उसे संरक्षण देने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक संरक्षण के चलते ही राहुल का यह कारोबार फल-फूल रहा था।

About Dharm Path


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493