इंदौर-बुधवार को किसानों ने बड़ा प्रदर्शन किया। किसानों ने इंदौर-उज्जैन ग्रीन फील्ड कॉरिडोर को निरस्त करने की मांग की। साथ ही सोयाबीन की खरीदी समर्थन मूल्य पर करने और मुआवजा दर बढ़ाने जैसी मांगें भी रखी। इसे लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन में इंदौर और उज्जैन जिले के किसान करीब एक हजार ट्रैक्टर लेकर इंदौर आए थे। 5 हजार से ज्यादा किसान हातोद और आसपास के गांवों से रैली के रूप में आए। किसानों ने सरकार और कांग्रेस दोनों के खिलाफ नारेबाजी की।
किसानों के प्रदर्शन के दौरान धार रोड पर करीब 2 किलोमीटर का लंबा जाम लग गया। इस दौरान वहां से गुजरने वाले लोगों को आवाजाही में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। वाहनों की लंबी कतारें यहां नजर आई।
किसान कलेक्ट्रेट तक ट्रैक्टर ले जाने पर अड़े थे, लेकिन प्रशासन ने उन्हें धार रोड पर नूरानी नगर के पास ही रोक दिया। रैली के दौरान करणी सेना परिवार के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीवन सिंह शेरपुर ने किसानों से अपील की.. कि चुनाव के समय नेताओं को गांव में घुसने न दें। इसके बाद किसानों ने एडीएम रोशन रॉय को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगें रखीं और प्रदर्शन समाप्त किया।
dharmpath.com dharmpath