चाय पीना पड़ा महंगा, कार का गेट खोलकर लाखों के जेवर पार

जबलपुर-बरगी थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर सफर कर रहे एक परिवार के साथ चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है. मुंबई से उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जा रहे हरिकेश चौरसिया और उनके परिजनों को बरगी के एक रेस्टोरेंट में चाय पीने के लिए रुकना बेहद भारी पड़ गया. जब पूरा परिवार सड़क किनारे गाड़ी खड़ी कर चाय की चुस्कियों में मशगूल था, तभी शातिर चोरों ने मौका पाकर कार का गेट खोला और भीतर रखा महिला का कीमती बैग पार कर दिया.

जानकारी के अनुसार मुंबई के सुभाषनगर निवासी हरिकेश चौरसिया अपनी निजी कार क्रमांक MH 01 EM 7219 से परिवार सहित अपने पैतृक गांव जा रहे थे. शाम करीब साढ़े छह बजे परिजनों के कहने पर उन्होंने बरगी स्थित सिद्धिविनायक होटल के सामने अपनी गाड़ी रोकी थी. परिवार जब होटल के भीतर चाय पी रहा था, उसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने कार को निशाना बनाया.

बैग में सोने और चांदी के भारी जेवर सहित पांच हजार रुपये की नगदी रखी हुई थी. चाय पीने के बाद जब चौरसिया परिवार वापस अपनी कार के पास पहुंचा, तो कार का गेट खुला देख उनके होश उड़ गए. गाड़ी के भीतर से बैग गायब पाकर परिवार में अफरा-तफरी मच गई. पीड़ित परिवार ने तुरंत होटल संचालक को इसकी सूचना दी और आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिला. होटल में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर भी शुरुआती तौर पर कुछ संदिग्ध नजर नहीं आया, जिसके बाद पीड़ित ने बरगी थाना पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने हरिकेश चौरसिया की रिपोर्ट पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और हाईवे के अन्य कैमरों की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.

About Dharm Path


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493