भोपाल-मध्य प्रदेश में किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने गुरुवार और शुक्रवार को बड़ा आंदोलन छेड़ दिया। ग्वालियर चंबल अंचल समेत प्रदेश के कई जिलों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और किसानों ने नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्वालियर के रायरू और निरावली चौराहे से लेकर मुरैना, शाजापुर, इंदैर, शिवपुरी और गुना तक हाईवे पर प्रदर्शन हुए। इसकी वजह से यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा और हजारों वाहन घंटों जाम में फंसे रहे।
कांग्रेस का आरोप है कि समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी की प्रक्रिया अव्यवस्थित हो चुकी है। उपार्जन केंद्रों पर तुलाई में गड़बड़ी, स्लॉट बुकिंग और टोकन सिस्टम की विफलता, भुगतान में देरी, बारदाने की कमी और किसानों के लिए बुनियादी सुविधाओं के अभाव से किसान परेशान हैं। पार्टी ने इस दौरान ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के लिए अधिग्रहित जमीनों का चार गुना मुआवजा देने की मांग भी उठाई।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में शाजापुर जिले के रोजवास टोल प्लाजा पर बड़ा प्रदर्शन हुआ। यहां उज्जैन, देवास और तराना सहित आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और किसान पहुंचे। पटवारी ट्रैक्टर पर बैठकर कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे और सरकार पर किसानों की आवाज दबाने का आरोप लगाया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और बड़ा किया जाएगा। प्रदर्शन में पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, मीनाक्षी नटराजन और महेश परमार समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे थे।
dharmpath.com dharmpath