नई दिल्ली-रविवार को कनॉट प्लेस के आउटर सर्कल में आरक्षण को लेकर प्रदर्शन हुआ. करीब 300 लोग यहां जुटे थे. प्रदर्शनकारी जाति के आधार पर मिलने वाले आरक्षण में बदलाव और नई व्यवस्था की मांग कर रहे थे. पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शन की पहले से अनुमति नहीं ली गई थी. इसी वजह से 20 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लेकर वहां से हटा दिया गया. मौके पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे. प्रदर्शन के दौरान किसी बड़े विवाद की जानकारी सामने नहीं आई.
प्रदर्शनकारी हाथों में अलग-अलग तख्तियां लेकर पहुंचे थे. उन्होंने आरक्षण और सरकारी मदद के लिए आर्थिक स्थिति को ज्यादा अहमियत देने की मांग की. उनका कहना था कि गरीब परिवार किसी भी जाति से हो सकते हैं. ऐसे में सरकारी मदद और मौके सिर्फ जाति के आधार पर तय नहीं होने चाहिए. प्रदर्शनकारियों ने नारे लगाकर अपनी बात रखी. उनका कहना था कि आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को शिक्षा, नौकरी और दूसरी सरकारी सुविधाओं में मदद मिलनी चाहिए.
प्रदर्शनकारियों की एक बड़ी मांग क्रीमी लेयर का नियम लागू करना और मौजूदा आरक्षण व्यवस्था की समीक्षा करना है. उन्होंने अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग से जुड़ी नीतियों में भी बदलाव की मांग की. एक प्रदर्शनकारी ने कहा कि वे आरक्षण को पूरी तरह खत्म करने की मांग नहीं कर रहे हैं, बल्कि इसमें सुधार चाहते हैं. उनका कहना था कि अलग-अलग समुदायों के गरीब लोगों की परेशानियों पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए और सरकारी योजनाओं का फायदा जरूरतमंद लोगों तक पहुंचना चाहिए.
dharmpath.com dharmpath