सिंगरौली पुलिस ने चालान की जगह बांधी राखी और दिया हेलमेट

सिंगरौली-रक्षाबंधन के मौके पर सिंगरौली यातायात पुलिस ने सड़क सुरक्षा को लेकर अनूठा संदेश दिया। गुरुवार को पुलिस पेट्रोल पंप परिसर में बिना हेलमेट दोपहिया चलाते मिले 100 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करने के बजाय उन्हें हेलमेट दिए गए। महिला पुलिसकर्मियों ने चालकों को तिलक लगाकर राखी बांधी और भविष्य में हेलमेट पहनकर ही वाहन चलाने का संकल्प दिलाया।

पुलिस ने इस पहल के जरिए वाहन चालकों को समझाया कि हेलमेट का इस्तेमाल सिर्फ पुलिस के चालान से बचने के लिए नहीं। बल्कि, सड़क हादसे की स्थिति में खुद की और परिवार की सुरक्षा के लिए जरूरी है। हेलमेट मिलने के बाद कई चालकों ने स्वीकार किया कि वे अक्सर बिना हेलमेट घर से निकल जाते थे। उन्होंने आगे दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और अन्य लोगों को भी इसके लिए जागरूक करने की बात कही।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक शियाज के एम ने वाहन चालकों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए कहा कि बाइक या स्कूटर पर पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए भी हेलमेट पहनना अनिवार्य है। उन्होंने निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने और नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील की। साथ ही यातायात संकेतों का पालन करने को सुरक्षित सफर के लिए जरूरी बताया।

पुलिस के मुताबिक, रक्षाबंधन पर बांधी गई राखी को केवल एक रस्म के तौर पर नहीं बल्कि सड़क पर सुरक्षित रहने की जिम्मेदारी के प्रतीक के रूप में देखा गया। अभियान का उद्देश्य नियम तोड़ने वालों को केवल दंडित करना नहीं बल्कि उनकी आदत में बदलाव लाकर सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी बढ़ाना था।

About Dharm Path

Leave a Reply


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493