सागर-बंडा जहरीली शराब कांड के मुख्य आरोपित और गढ़ी मलहरा शराब दुकान के ठेकेदार रवि लखेरा को सागर पुलिस ने बरायठा के जंगल से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी से बचने के लिए रवि ने टीम पर गोली चलाई थी। जवाबी फायरिंग में पैर गोली लगने से वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर इलाज के लिए बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।
पुलिस को रवि के बरायठा क्षेत्र के जंगल में छिपे होने की सूचना मिली थी। इसके आधार पर टीम ने इलाके में घेराबंदी की और उसे पकड़ने की कोशिश की थी। इसी दौरान रवि ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसे पैर में गोली लगी। जिसके बाद टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई बीती रात की बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, बंडा जहरीली शराब मामले की जांच में रवि लखेरा की भूमिका गंभीर रूप से सामने आई है। उस पर आरोप है कि वह जहरीली शराब तैयार करने का फॉर्मूला उपलब्ध कराता था। इसके अलावा बहेरिया थाने में उसके खिलाफ अवैध शराब से जुड़ा एक अन्य मामला भी दर्ज है और उसमें भी वह फरार चल रहा था।
रवि लखेरा की तलाश के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस ने 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। शुक्रवार तड़के गोली लगने के बाद उसे सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
dharmpath.com dharmpath