ब्रिस्बेन, 25 फरवरी (आईएएनएस)। शैमान अनवर (106)की शानदार पारी की बदौलत संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने बुधवार को गाबा मैदान पर जारी आईसीसी विश्व कप-2015 के पूल-बी मुकाबले में आयरलैंड के सामने 279 रनों का लक्ष्य रखा है।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए यूएई ने निर्धारित 50 ओवरों में नौ विकेट के नुकसान पर 278 रन बनाए।
अनवर ने 83 गेंदों की अपनी पारी में 10 चौके और एक छक्का लगाया। यूएई ने एक समय अपने छह विकेट केवल 131 रनों पर गंवा दिए थे, लेकिन अनवर और अहमद जावेद (42) के बीच सातवें विकेट के लिए हुई रिकॉर्ड साझेदारी ने टीम को संभाला।
दोनों ने सातवें विकेट के लिए 71 गेंदों में 107 रनों की साझेदारी की। विश्व कप इतिहास में सातवें विकेट के लिए यह अब तक की सबसे बड़ी साझेदारी है। यूएई के बल्लेबाजों ने आखिरी 10 ओवरों में 100 रन बटोरे।
इससे पूर्व सलामी बल्लेबाज अमजद अली (45) और एंद्री बेरेंगर (13) ने पहले विकेट के लिए 49 रनों की साझेदारी कर टीम को एक ठोस शुरुआत दी। इसके बाद हालांकि बीच के ओवर में आयरिश गेंदबाजों ने अच्छी वापसी की। पॉल स्टरलिंग ने बेरेंगर को कप्तान विलियम पोर्टरफिल्ड के हाथों कैच करा कर यूएई को पहला झटका दिया।
बेरेंगर के पवेलियन लौटने के बाद बल्लेबाजी करने आए कृष्णा चंद्रन बिना खाता खोले स्टरलिंग का शिकार हो गए। कुछ देर बाद बाद अमजद को भी केविन ओब्रायन ने मैक्स सोरेनसेन के हाथों कैच करा कर यूएई को दबाव में ला दिया।
विकेट के गिरने का सिलसिला यहीं नहीं रूका और स्वप्निल पाटिल (2), खुर्रम खान (36) और रोहन मुस्तफा (2) भी एक के बाद एक पवेलियन लौटे।
आयरलैंड की ओर से स्टरलिंग, ओब्रायन, एलेक्स क्यूसैक और सोरेनसेन को दो-दो सफलता मिली। जॉर्ज डॉक्रेल ने एक विकेट हासिल किया।
आयरलैंड और यूएई का विश्व कप में यह दूसरा मैच है। पहले मैच में आयरलैंड ने वेस्टइंडीज को मात दी थी, वहीं यूएई को जिम्बाब्वे से हार का सामना करना पड़ा था।
dharmpath.com dharmpath