मुंबई, 25 फरवरी (आईएएनएस)। ‘तुम बिन’, ‘कोई मेरे दिल में है’ व ‘विवाह’ जैसी फिल्मों में अभिनय कर चुकी अभिनेत्री अमृता प्रकाश ‘हल्ला बोल 2’ शो की एक आगामी कड़ी में नजर आएंगी। उनका कहना है कि इस कड़ी से वह समाज में लैंगिकता को लेकर व्याप्त रूढ़ियों को उजागर करना चाहती हैं।
‘हल्ला बोल 2’ की इस कड़ी में वह एक धुन की पक्की लड़की की भूमिका निभाएंगी, जो शेफ है। वह लड़की लोगों की दकियानूसी सोच बदलने की लड़ाई लड़ रही है, जो मानते हैं कि महिलाएं शेफ नहीं बन सकतीं।
अमृता ने एक बयान में कहा, “रूढ़िवाद एक ऐसी चीज है, जिससे एक लड़की रोज दो-चार होती है। धारावाहिक की इस कड़ी में मैं न केवल एक दमदार किरदार निभा रही हूं, बल्कि इससे (रूढ़िवाद) जूझने वाली लड़कियों का प्रतिनिधित्व भी करती हूं।”
अपने अनुभव के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, “मैं अपने दोस्तों के साथ एक सड़क यात्रा करने की योजना बना रही थी और जब मैंने कहा कि ‘गाड़ी मैं चलाऊंगी’, तो मेरे कुछ पुरुष मित्रों ने मुझे दरकिनार करते हुए कहा कि ‘लड़कियां वाहन नहीं चला सकतीं।”
अमृता ने कहा, “इस किस्म की घटनाएं हमारी रोजमर्रा की जिंदगी में होती हैं, लेकिन हम ज्यादातर समय उन पर चुप्पी साध लेते हैं। असल में हम उस वक्त गलती करते हैं।”
यह कड़ी एक मार्च को बिंदास चैनल पर प्रसारित होगी।
dharmpath.com dharmpath