म्यांमार का सबसे बड़ा अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डा 2020 में खुलेगा

यंगून, 26 फरवरी (आईएएनएस)। म्यांमार का सबसे बड़ा अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डा वर्ष 2020 तक अपनी सेवाएं देना शुरू कर देगा, जो अपने निर्धारित समय से एक साल की देरी पर खुलेगा।

समाचार एजेंसी ‘सिन्हुआ’ के अनुसार, म्यांमार के नागरिक उड्डयन विभाग बागो क्षेत्र में हांथावड्डी अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डा परियोजना के लिए जापान से कम ब्याज दर पर 70 करोड़ डॉलर ऋण की मांग कर रहा है।

अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि 1.4 अरब डॉलर की लागत की इस परियोजना का निर्माण 3,645 हेक्टेयर भूमि क्षेत्र में किया जाएगा। गौरतलब है कि दूसरे विश्व युद्ध के दौरान इसी स्थान पर जापान की सेना ने हवाईअड्डे का निर्माण किया था।

यंगून से लगभग 77 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्थित यह अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डा देश का चौथा और अपनी तरह का सबसे बड़ा हवाईअड्डा होगा। इसे प्रतिवर्ष 1.20 करोड़ यात्रियों की आवाजाही के लिहाज से तैयार किया जाएगा। यह अधिक संख्या में सीधी अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों के लिए म्यांमार का प्राथमिक केंद्र बनेगा।

आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, पिछले कुछ सालों में म्यांमार आने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ी है। 2012 में 10.6 लाख पर्यटकों की तुलना में 2013 में यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ कर 20.4 लाख हो गई। 2014 में 30.5 लाख पर्यटकों ने म्यांमार की यात्रा की।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493