मुंबई, 1 मार्च (आईएएनएस)। अभिनेत्री सोनम कपूर को स्वाइन फ्लू नहीं, बल्कि सर्दी-जुकाम हुआ है। यह खुलासा उनसे जुड़े एक करीबी सूत्र ने किया है।
दरअसल ऐसी अफवाहें थीं कि सोनम गुजरात स्थित राजकोट शहर के एक अस्पताल में भर्ती हैं।
सोनम से जुड़े एक सूत्र ने आईएएनएस को बताया, “अफवाहों में दावा किया गया है कि सोनम को स्वाइन फ्लू हुआ है, लेकिन ऐसा नहीं है। वह बस रक्त जांच व एक्स-रे कराने के लिए अस्पताल गई थीं। यहां तक कि वह अस्पताल में भर्ती भी नहीं हुईं। उन्हें सर्दी-जुकाम था, इसलिए जांच कराने गई थीं।”
सोनम इन दिनों सूरज बड़जात्या की अगली फिल्म प्रेम रतन धन पायो की शूटिंग के सिलसिले में राजकोट में हैं। फिल्म में उनकी जोड़ी सलमान खान के साथ है।
फिल्मकार विधु विनोद चोपड़ा, उनकी पत्नी अनुपमा चोपड़ा और उनके बेटे के भी स्वाइन फ्लू की चपेट में होने की खबरें हैं।
जसलोक अस्पताल के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि अनुपमा के पति और उनका बेटा जसलोक अस्पताल में भर्ती थे। लेकिन उन्हें शनिवार सुबह अस्पताल से छुट्टी मिल गई।
देशभर में फैले जानलेवा वायरस स्वाइन फ्लू से अब 12,000 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।
dharmpath.com dharmpath