विश्व कप : लगातार चौथी जीत के साथ नॉकआउट में पहुंची धौनी की टीम (राउंडअप)

पर्थ, 6 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धौनी (नाबाद 45) ने एक बार फिर अपनी नेतृत्व क्षमता का दम दिखाते हुए शुक्रवार को वेस्टर्न आस्ट्रेलिया क्रिकेट एसोसिएशन (वाका) मैदान पर हुए आईसीसी विश्व कप-2015 पूल-बी मुकाबले में वेस्टइंडीज को चार विकेट से मात देकर भारत को विश्व कप क्वार्टर फाइनल में पहुंचा दिया।

जीत के लिए 183 रनों के औसत लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम एक समय 30वें ओवर में 134 के कुल योग पर छह विकेट गंवा चुकी थी, लेकिन उसके बाद धौनी ने रविचंद्रन अश्विन (नाबाद 16) के साथ सातवें विकेट के लिए नाबाद 51 रनों की साझेदारी कर टीम को जीत दिला दी।

भारत ने 39.1 ओवरों में छह विकेट पर 185 रन बनाकर चार विकेट से यह मैच जीत लिया।

इस मैच के साथ धौनी के मुकुट में एक और हीरा जड़ गया और वह विदेशी धरती पर भी भारत के सबसे सफल कप्तान बन गए। धौनी के नेतृत्व में भारत की विदेशी धरती पर यह 59वीं जीत है, जिसे धौनी ने 112वें मैच में हासिल किया।

इससे पहले यह कीर्तिमान सौरभ गांगुली के नाम था, जिन्होंने 110 मैचों में भारत को विदेशी धरती पर 58 मैचों में जीत दिलाई है। ओवरआल जीत के मामले में धौनी पहले ही भारत के सबसे सफल कप्तान साबित हो चुके हैं।

धौनी के नेतृत्व में शुक्रवार को भारतीय टीम ने 97वां मैच जीता। 90 जीत के साथ मोहम्मद अजहरुद्दीन इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं। धौनी ने शुक्रवार को अजहरुद्दीन के भारत के लिए सर्वाधिक मैचों (174) में कप्तानी करने के रिकॉर्ड की भी बराबरी कर ली।

भारत के लिए शुक्रवार का दिन एक और उपलब्धि की बराबरी करने वाला रहा। भारत ने विश्व कप में लगातार सर्वाधिक आठ मैच जीतने के अपने पुराने रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। भारतीय टीम पिछले विश्व कप के आखिरी चार मैचों में भी विजेता रहा था। इससे पहले भारत ने यह उपलब्धि 2003 के विश्व कप में हासिल की थी।

वास्तव में भारतीय गेंदबाजों ने शुक्रवार को वाका स्टेडियम में भारत की जीत की नींव रखी। मैन ऑफ द मैच रहे मोहम्मद समी (35/3) की अगुवाई में भारतीय टीम ने कैरेबियाई टीम की पारी 44.2 ओवरों में 182 रनों पर समेट दी थी।

भारतीय पारी की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही थी। रोहित शर्मा (7) के साथ भारतीय पारी की शुरुआत करने आए शिखर धवन (9) को पांचवें ओवर की पहली गेंद पर जेरोम टेलर ने पवेलियन भेजकर भारत को पहला झटका दे दिया। इस समय टीम की रनसंख्या केवल 11 थी। नौ रन बाद ही रोहित भी टेलर का शिकार हो गए।

इसके बाद विराट कोहली (33) और अजिंक्य रहाणे (14) ने मिल कर भारतीय पारी को संवारने की कोशिश की और तीसरे विकेट के लिए 43 रन जोड़े। आंद्रे रसेल ने हालांकि 15वें ओवर की आखिरी गेंद पर कोहली को मार्लन सैमुअल्स के हाथों कैच करा कर खतरनाक होती इस जोड़ी को तोड़ दिया।

कुछ देर बाद ही अजिंक्य रहाणे भी रोच की गेंद पर विकेटकीपर दिनेश रामदीन को अपना कैच दे बैठे। उनका विकेट हालांकि विवादास्पद रहा। रामदिन द्वारा कैच पकड़े जाने के बाद रहाणे ने तीसरे अंपायर से रिव्यू मांगा था। सुरेश रैना 22 रन बनाकर आउट हुए।

समी के अलावा उमेश यादव और रवींद्र जडेजा ने दो-दो विकेट हासिल किए। रविचंद्रन अश्विन तथा मोहित शर्मा को एक-एक सफलता मिली।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज के सात विकेट एक समय 25 ओवर से पहले ही 85 रनों पर गिर गए थे और ऐसा लगने लगा था कि कैरेबियाई टीम शायद 100 रनों के आस-पास सिमट जाएगी।

इसके बाद लेकिन आठवें विकेट के लिए डारेन सैमी (26) और कप्तान जेसन होल्डर (57) के बीच हुई 39 रनों की साझेदारी ने टीम को इस संकट से उबार लिया।

सैमी के पवेलियन लौटने के बाद जेरोम टेलर (11) के साथ होल्डर ने नौवें विकेट के लिए 51 रन जोड़े और टीम को 150 रनों के पार पहुंचाया। होल्डर ने 64 गेंदों की अपनी पारी में चार चौके और तीन छक्के लगाए और आखिरी बल्लेबाज के रूप में आउट हुए।

इस दौरान हालांकि भारतीय क्षेत्ररक्षण बेहद औसत रहा और खिलाड़ियों ने कई कैच छोड़े।

कैरेबियाई टीम को पहला झटका पांचवें ओवर में आठ रनों के योग पर ड्वायन स्मिथ (6) के रूप में लगा। वेस्टइंडीज टीम के कुल योग में अभी सात रन ही और जुड़े थे कि मार्लन सैमुअल्स (2) दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट हो गए।

धीमी शुरुआत के बीच विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल (21) ने रनगति बढ़ाने की कोशिश की और नौवें ओवर की आखिरी गेंद पर एक शॉट हवा में उछाल बैठे। मोहित शर्मा ने उनका कैच लिया। गेल का विकेट समी ने हासिल किया।

सबसे बड़ी सफलता मिलने के बाद अगले ही ओवर में भारतीय गेंदबाजों को दिनेश रामदीन (0) का भी विकेट मिल गया। उन्हें उमेश यादव ने बोल्ड किया। इसके बाद लेंडल सिमंस 9 रन और जोनाथन कार्टर 21 रन बनाकर पवेलियन लौटे। आंद्रे रसेल आठ रन बनाकर आउट हुए।

इस जीत के साथ भारत अपने चारों मैच जीतकर आठ अंकों के साथ पूल-बी में शीर्ष पर और मजबूत हो गया, जबकि पांच मैचों में दो जीत के साथ चार अंक हासिल करने वाली कैरेबियाई टीम के लिए आगे बढ़ने की संभावनाएं काफी धूमिल हो चुकी हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493