मुंबई, 8 मार्च (आईएएनएस)। मुंबई के पब में झगड़ा करने के आरोप में गिरफ्तार किए गए फिल्म अभिनेता आदित्य पंचोली को मुंबई के एक दंडाधिकारी ने जमानत पर रिहा कर दिया। अधिकारियों ने यहां रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, “आदित्य पंचोली को आज (रविवार) सुबह गिरफ्तार किया गया था। उनका सी प्रिंसेज होटल के पब में एक सुरक्षाकर्मी (बाउंसर) के साथ झगड़ा हो गया था।
पुलिस के मुताबिक, शनिवार देर रात जुहू के आलीशान पब में पंचोली का एक सुरक्षाकर्मी के साथ झगड़ा हो गया। उस समय, पंचोली कथित रूप से नशे में धुत्त था। पश्चिमी संगीत के बजाए अपने पसंदीदा हिंदी फिल्म के गीतों को बजाने की वजह से डीजे के साथ भी उनका विवाद हुआ था।
कहासुनी के बाद पंचोली ने उन्हें पब से बाहर करने वाले सुरक्षाकर्मी के सिर पर अपने मोबाइल फोन से हमला कर दिया।
सांताक्रूज पुलिस ने उन्हें तलब किया और उनकी चिकित्सा जांच के बाद पुलिस ने रविवार सुबह उन्हें आपराधिक धमकी, उपद्रव, शांति भंग करने और उत्पीड़न के आरोपों में गिरफ्तार कर लिया।
उन्हें बांद्रा हॉलिडे दंडाधिकारी के समक्ष पेश किया गया, जिन्होंने रविवार दोपहर उन्हें जमानत दे दी।
dharmpath.com dharmpath