हैमिल्टन, 9 मार्च (आईएएनएस)। आईसीसी विश्व कप-2015 के ग्रुप-बी के अपने शुरुआती चारों मैच जीतकर शानदार लय में नजर आ रही भारतीय टीम को अपना पांचवां मैच मंगलवार को आयरलैंड के खिलाफ सिडन पार्क मैदान पर खेलना है।
भारतीय टीम भले ही क्वार्टर फाइनल में पहुंच चुकी है लेकिन वह आयरलैंड को हल्के में लेने की गलती शायद नहीं करेगी और यहां भी उसकी कोशिश विजय के क्रम को जारी रखने की होगी।
भारतीय टीम टूर्नामेंट में पहली बार न्यूजीलैंड के मैदान पर कोई मैच खेलेगी। इस मैच के बाद उसे अपना आखिरी मैच भी न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में जिम्बाब्वे के खिलाफ खेलना है। इससे पूर्व के चार मैच भारतीय टीम ने आस्ट्रेलिया में खेले थे।
अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की संबद्ध सदस्य टीम आयरलैंड ने इस विश्व कप में अपने प्रदर्शन से सभी क्रिकेट प्रशंसकों को चकित किया है और अब तक खेले चार ग्रुप-मैचों में से तीन में विजय हासिल की है।
आयरलैंड को एकमात्र हार दक्षिण अफ्रीका से मिली लेकिन इस दौरान उसने दो टेस्ट खेलने वाली टीमों वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे को मात दी। साथ ही आयरलैंड ने एक और संबद्ध सदस्य टीम संयुक्त अरब अमीरात को भी हराया।
ग्रुप-बी से भारत के नॉकआउट वर्ग में क्वालीफाई करने के बाद दक्षिण अफ्रीका के भी क्वार्टर फाइनल में पहुंचने की पूरी उम्मीद है। ऐसे में आखिरी दो स्थानों के लिए मुख्य जंग पाकिस्तान, वेस्टइंडीज और आयरलैंड के बीच है।
क्वार्टर फाइनल में जाने के लिए जरूरी होगा कि आयरलैंड भारत के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करे। आयरलैंड को इसके बाद अपना आखिरी मैच पाकिस्तान से खेलना है। ऐसे में एक जीत उसके अगले दौर में पहुंचने की संभावना बढ़ा देगी।
जहां तक भारतीय टीम की बात है तो इस टूर्नामेंट में उसकी बल्लेबाजी अच्छी रही है लेकिन कैरेबियाई गेंदबाजों ने यह दिखाया कि इस मजबूत बल्लेबाजी क्रम को भी नुकसान पहुंचाया जा सकता है।
भारत के लिए अच्छी बात यही है कि आयरलैंड की गेंदबाजी इस टूर्नामेंट में बहुत अच्छी नहीं रही है। टीम की बल्लेबाजी ने हालांकि प्रभावित जरूर किया है। सलामी बल्लेबाज ईडी जोएस जिम्बाब्वे के खिलाफ इस टूर्नामेंट में आयरलैंड की ओर से एकमात्र शतक भी बना चुके हैं।
दूसरी ओर, भारतीय बल्लेबाज इस टूर्नामेंट में पहली बार न्यूजीलैंड की तेज और उछाल भरी पिच का सामना करेंगे और इसका फायदा आयरिश गेंदबाज उठाने की कोशिश जरूर करेंगे।
टीम (संभावित) :
भारत : शिखर धवन, रोहित शर्मा, विराट कोहली, अजिंक्य रहाणे, सुरेश रैना, महेंद्र सिंह धौनी (कप्तान/विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, स्टुअर्ट बिन्नी, रविचंद्रन अश्विन, भुवनेश्वर कुमार, उमेश यादव, मोहित शर्मा, मोहम्मद समी।
आयरलैंड : विलियम्स पोर्टरफिल्ड (कप्तान), पॉल स्टर्लिंग, ईडी जोएस, नियाल ओब्रायन, एंडी बालबिर्नी, गैरी विल्सन (विकेटकीपर), केविन ओब्रायन, जॉन मूनी, एंडी मैकब्राइन, मैक्स सोरेनसेन, जॉर्ज डॉकरेल।
dharmpath.com dharmpath