हमारे गेंदबाजों ने अपना स्तर काफी बढ़ा लिया है : धौनी

हैमिल्टन, 10 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने मंगलवार को आयरलैंड पर मिली जीत के बाद कहा कि भारतीय गेंदबाजों ने जारी विश्व कप में अपना स्तर काफी ऊंचा कर लिया है और इसलिए वे लगातार पांच मैचों में प्रतिद्वंद्वी टीमों को आउट करने में कामयाब हुए है।

विश्व कप से पूर्व आस्ट्रेलिया में टेस्ट श्रृंखला और त्रिकोणीय श्रृंखला में खराब प्रदर्शन के लिए भारतीय गेंदबाजों की खूब आलोचना हुई थी। विश्व कप में हालांकि भारतीय गेंदबाज अलग रंग में नजर आ रहे हैं। भारतीय टीम ने मंगलवार को पूल-बी के मुकाबले में आयरलैंड को 49 ओवरों में 259 रनों पर आउट कर दिया।

मैच के बाद धौनी ने कहा, “एक कोच मुझसे कह रहे थे कि भारतीय गेंदबाजों ने पिछले पांच मैचों में 50 विकेट हासिल किए हैं। यह एक अच्छी शुरुआत है। हमारे गेंदबाज अच्छा काम कर रहे हैं। यह कमाल की उपलब्धि है। गेंदबाजों ने खुद में बहुत सुधार किया है। केवल तेज गेंदबाजों ने ही नहीं, बल्कि स्पिन गेंदबाजों ने भी अब तक अच्छा कार्य किया है।”

साथ ही धौनी ने कहा कि विश्व कप इतिहास में लगातार नौ जीत दर्ज करने के बाद टीम बहुत खुश है और जीत के इस क्रम को आगे ले जाना जाना चाहती है।

धौनी के अनुसार, “हम यहां चार महीनों से हैं। टेस्ट श्रृंखला के बाद हम एकदिवसीय प्रारूप में अपनी तीव्रता खो बैठे थे लेकिन हमें मालूम था कि विश्व कप शुरू होते ही हम वापस अपनी लय में होंगे।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493