उत्तर कोरिया से नए सिरे से बातचीत चाहता है सियोल

सियोल, 16 मार्च (आईएएनएस)। दक्षिण कोरिया के नए एकीकरण मंत्री हांग यांग-प्यो ने सोमवार को कहा कि वह उत्तर कोरिया के साथ बातचीत करने के लिए अधिक प्रभावी तरीका तलाशेंगे। दोनों देशों के बीच रिश्ते बिगड़े हुए हैं।

समाचार एजेंसी ऐफे के मुताबिक, हांग ने अपने पहले संबोधन में कहा, “मैं बातचीत के लिए किसी भी मौके को हाथ से नहीं निकलने दूंगा।”

उन्होंने कहा, “उत्तर कोरिया के साथ बातचीत, आदान-प्रदान और सहयोग मेरे लिए और एकीकरण मंत्रालय के लिए एक बहुत ही जरूरी काम है।”

हांग उत्तर कोरियाई मुद्दों के विशेषज्ञ हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच रिश्तों को सुधारने के लिए उनकी सरकार का रवैया लचीला रहेगा।

उन्होंने हालांकि यह स्पष्ट किया कि यदि उत्तर कोरिया की ओर से राष्ट्रपति पार्क ग्यून-हे की प्रशासनिक नीति के अनुरूप यदि कोई दुराचार होता है तो दक्षिण कोरिया की ओर से कड़ी प्रतिक्रिया होगी।

हांग ने एकीकरण के लिए नरम स्वर में दोनों कोरियाई देशों की संयुक्त तैयारियों का समर्थन किया।

नए एकीकरण मंत्री का बयान ऐसे समय में आया है जब उत्तर कोरिया के साथ संबंध पूरी तरह टूट चुके हैं। उल्लेखनीय है कि इसी माह के प्रारंभ में अमेरिका और दक्षिण कोरियाई सेना ने दक्षिण कोरिया के इलाकों में सैन्य अभ्यास किया था, जिसके बाद तनाव और बढ़ गया था।

किम जोंग-उन शासन ने इस अभ्यास को उत्तर कोरिया के खिलाफ आक्रमण की तैयारी समझा और बीते शुक्रवार को दो मिसाइलों के परीक्षण किए।

उत्तर और दक्षिण कोरिया, कोरियाई युद्ध (1950-53) के समय से तकनीकी रूप से युद्ध की स्थिति में रहे हैं, जिसका अंत एक स्थायी शांति संधि के बजाय युद्ध विराम के साथ हुआ था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493