पाकिस्तान में मारे गए ईसाइयों की हुई आखिरी रस्म

इस्लामाबाद, 17 मार्च (आईएएनएस)। पाकिस्तान के लाहौर में रविवार को दो गिरजाघरों पर हुए आत्मघाती हमलों में मारे गए नौ ईसाइयों का अंतिम संस्कार मंगलवार सुबह कर दिया गया। इस घटना में कुल 16 लोग मारे गए थे।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ की एक रपट के मुताबिक, राजनेताओं, पुलिस अधिकारियों सहित सैकड़ों लोग हमले में मारे गए लोगों की आखिरी रस्म में शामिल हुए।

हमला व संभावित प्रदर्शन को रोकने के लिए इलाके में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था।

उल्लेखनीय है कि पंजाब प्रांत के लाहौर में रविवार को दो गिरजाघरों के प्रवेश द्वार पर दो आत्मघाती हमलावरों ने खुद को उड़ा लिया था, जिसमें नौ ईसाइयों के अलावा, सात मुसलमान भी मारे गए थे। इस घटना में 82 लोग घायल हुए थे।

संवाददाताओं से बात करते हुए पुलिस महानिरीक्षक हैदर अशरफ ने कहा कि लाहौर के योहानाबाद इलाके में एक किलोमीटर के दायरे में स्थित कैथोलिक गिरजाघर तथा क्राइस्ट गिरजाघर के मुख्यद्वार पर दो आत्मघाती हमलावरों ने खुद को उड़ा लिया।

घटना के दौरान गिरजाघर में प्रार्थना कर रहे ईसाइयों ने दो संदिग्धों को पुलिस की हिरासत से खींच लिया, पीट-पीटकर मार डाला और उनके शवों को जला दिया।

इस घटना के बाद सैकड़ों प्रदर्शनकारी रविवार तथा सोमवार को लाहौर की सड़कों पर उतरे, इस विस्फोट का विरोध किया तथा धार्मिक स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा न दिए जाने को लेकर सरकार विरोधी नारे लगाए।

इस जानलेवा हमले की जिम्मेदारी आतंकवादी संगठन तहरीक-ए-तालिबान के धड़े जमातुल अहरार ने ली है।

समूह के प्रवक्ता अहसानुल्ला अहसान ने सरकार को इस तरह के और हमलों की चेतावनी दी है।

प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने हमले की निंदा की और अधिकारियों को पूरे देश में गिरजाघरों, मस्जिदों तथा अन्य धार्मिक स्थलों की सुरक्षा के निर्देश दिए।

2013 में पेशावर के कोहाटी गेट इलाके में स्थित ऑल सेंट्स चर्च पर हुए दो आत्मघाती हमलों में 80 लोग मारे गए थे और 100 से ज्यादा लोग घायल हुए थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493