भारत ने रिकॉर्ड 85वीं बार बनाया 300 से अधिक का स्कोर

मेलबर्न, 19 मार्च (आईएएनएस)। आईसीसी विश्व कप-2015 के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में गुरुवार को बांग्लादेश के खिलाफ भारतीय टीम ने 85वीं बार 300 से अधिक का स्कोर खड़ा करने का कारनामा किया। वास्तव में बल्लेबाजी की बात की जाए तो भारतीय टीम दुनिया की शेष टीमों से कहीं आगे नजर आती है।

अंतर्राष्ट्रीय एकदिवसीय में सर्वाधिक बार 300 या उससे अधिक स्कोर खड़ा करने की उपलब्धि भारत के नाम है। साथ ही भारत के नाम 300 से अधिक के लक्ष्य का पीछा करते हुए सर्वाधिक बार जीत हासिल करने की उपलब्धि भी है।

भारतीय टीम ने मेलबर्न क्रिकेट मैदान (एमसीजी) पर हुए क्वार्टर फाइनल मैच में रोहित शर्मा (137) और सुरेश रैना (65) की नायाब पारियों की बदौलत 302 रन बनाए और लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश को 45 ओवरों में 193 रनों पर समेट दिया और 109 रनों से जीत हासिल कर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।

मौजूदा विश्व कप में गुरुवार को भारतीय टीम ने तीसरी बार 300 या उससे अधिक स्कोर खड़ा किया। विश्व कप में पहली बार 400 से अधिक का स्कोर खड़ा करना का रिकॉर्ड भी भारत के ही नाम है। ओडीआई में सर्वाधिक बार 400 सेअधिक स्कोर खड़ा करने के मामले में भारत, दक्षिण अफ्रीका के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर है। दोनों ही टीमें पांच-पांच बार यह कारनामा कर चुकी हैं।

भारत के बाद 83 बार ओडीआई में 300 से अधिक का स्कोर बनाने वाली आस्ट्रेलियाई टीम भारत से ज्यादा पीछे नहीं है। आस्ट्रेलियाई टीम ने इसी विश्व कप में विश्व कप का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा करने का कारनामा भी किया। आस्ट्रेलिया ने चार मार्च को पर्थ में यूएई के खिलाफ 417 रन बनाकर भारत के 413 रनों के रिकॉर्ड को तोड़ा। भारत ने यह रिकॉर्ड विश्व कप-2007 में 19 मार्च को पोर्ट ऑफ स्पेन में बरमूडा के खिलाफ हुए मैच में बनाया था।

इस क्रम पर तीसरे स्थान पर मौजूदा दक्षिण अफ्रीका ओडीआई में कुल 64 बार 300 या उससे अधिका का स्कोर खड़ा कर चुका है। दक्षिण अफ्रीका के नाम ओडीआई में सबसे बड़े लक्ष्या का पीछा करते हुए जीत हासिल करने का रिकॉर्ड भी है। 12 मार्च 2006 को जोहांसबर्ग के वांडर्स मैदान पर हुए एकदिवसीय सीरीज के आखिरी मैच में द. अफ्रीकी टीम ने आस्ट्रेलिया से मिले 434 रनों के जवाब में 438 रन बनाकर जीत हासिल की थी।

अंतर्राष्ट्रीय एकदिवसीय (ओडीआई) में 300 या उससे अधिक स्कोर करने वाले देश :

1. भारत : 85 बार (400 से अधिक 5 बार)

2. आस्ट्रेलिया : 83 बार (400 से अधिक 2 बार)

3. द. अफ्रीका : 64 बार (400 से अधिक 5 बार)

4. पाकिस्तान : 60 बार

5. श्रीलंका : 55 बार (400 से अधिक 2 बार)

6. न्यूजीलैंड : 43 बार (400 से अधिक 1 बार)

7. वेस्टइंडीज : 35 बार

8. इंग्लैंड : 34 बार

9. जिम्बाब्वे : 21 बार

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493