ट्यूनीशिया का बाडरे संग्रहालय फिर से खुलेगा

लंदन, 24 मार्च (आईएएनएस)। पिछले सप्ताह घातक हमले का शिकार हुआ ट्यूनीशिया का बाडरे संग्रहालय इस सप्ताह फिर से खुल जाएगा। बाडरे संग्रहालय पर हुए हमले में कम से कम 22 लोगों मारे गए थे, जिनमें अधिकतर पर्यटक थे। यह जानकारी मंगलवार को मीडिया रपटों से मिली है।

पिछले बुधवार को ट्यूनीशिया की राजधानी ट्यूनिश में स्थित बाडरे संग्रहालय पर दो सशस्त्र आतंकवादियों ने हमला कर दिया था।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि इस हमले में जापान, इटली, कोलंबिया, आस्ट्रेलिया, फ्रांस, पोलैंड और स्पेन के पर्यटकों सहित 17 पर्यटक मारे गए थे। हमले में ट्यूनीशिया के दो नागरिक भी मारे गए थे, जिनमें एक पुलिस अधिकारी था।

सुरक्षा बलों ने दोनों बंदूकधारियों को मार गिराया था। माना जा रहा है कि दोनों ने लीबिया से इस्लामिक स्टेट (आईएस) आतंकवादियों से प्रशिक्षण लिया था। आईएस ने देश के संसद भवन के पास स्थित संग्रहालय पर हुए हमले की जिम्मेदारी ली थी।

बीबीसी के मुताबिक, संग्रहालय को दोबारा खोलने से पहले एक कंसर्ट और जन रैली आयोजित होगी। अधिकारियों ने बताया कि वे दुनिया को यह दिखाना चाहते हैं कि बंदूकधारी अपने मकसद में कामयाब नहीं हो पाए।

ट्यूनीशिया के प्रधानमंत्री हबीब एसिद ने इस मामले में सोमवार को छह पुलिस प्रमुखों को बर्खास्त कर दिया था।

अधिकारियों के मुताबिक, संग्रहालय के दौरे के दौरान एसिद ने सुरक्षा से जुड़ी कई खामियां पाई थी। इस संग्रहालय में रोमन पच्चीकारी और अन्य प्राचीन चीजों का बड़ा संग्रह है।

हमले से जुड़े अन्य संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है, लेकिन हमला करने में केवल बंदूकधारी शामिल थे।

आंतरिक मंत्रालय द्वारा जारी फूटेज में दोनों को देखा गया है। दोनों की पहचान यासीन लाबिदी और हातिम खचनौवी के तौर पर हुई है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493