पायलट पर कोई टिप्पणी नहीं : जर्मनविंग्स (लीड-1)

पेरिस, 26 मार्च (आईएएनएस)। जर्मनी की किफायती विमानन सेवा प्रदाता कंपनी जर्मनविंग्स ने गुरुवार सुबह घोषणा की कि वह मीडिया में आई उस खबर की न तो पुष्टि कर रहा है और न ही खारिज कर रहा है, जिसके मुताबिक विमान के दक्षिणी फ्रेंच आल्प्स में दुर्घटनाग्रस्त होने से पहले उसका एक पायलट कॉकपिट से बाहर निकलने के बाद दोबारा उसमें दाखिल नहीं हो पाया था।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने कंपनी के बयान के हवाले से कहा कि जांच करने वाले अधिकारियों से हमें कोई सूचना नहीं मिली है और इसलिए किसी भी रिपोर्ट की न तो हम पुष्टि कर सकते हैं और न ही खारिज।

‘न्यूयार्क टाइम्स’ की रिपोर्ट के अनुसार, एक जांचकर्ता ने बताया कि कॉकपिट रिकॉर्डर से प्राप्त जानकारियों से ऐसा लगता है कि एक चालक कुछ देर के लिए कॉकपिट से बाहर निकला था और बाद में कॉकपिट में जाने में नाकाम रहा।

जांच में शामिल एक वरिष्ठ सैन्य अधिकारी के हवाले से कहा गया, “बाहर खड़े पायलट ने पहले तो धीरे से कॉकपिट का दरवाजा खटखटाया, लेकिन जब जवाब नहीं मिला तो वह जोर-जोर से दरवाजा खटखटाने लगा। लेकिन फिर भी कोई जवाब नहीं मिला। आप दरवाजा तोड़ने की कोशिश को साफ सुन सकते थे।”

उन्होंने कहा, “हम यह बात नहीं जानते कि पायलट बाहर क्यों गया था, लेकिन यह निश्चित है कि दुर्घटना होने तक दूसरा पायलट कॉकपिट में अकेले था और उसने दरवाजा नहीं खोला था।”

जर्मनविंग्स ने कहा कि वह दुर्घटना से संबंधित और जानकारियां जुटाने पर काम कर रही है, लेकिन वह कोई अनुमान नहीं लगाना चाहती।

ग्रीनविंग्स की मातृ कंपनी लुफ्तहांसा ने बुधवार को कहा कि यह घटना जटिल है, क्योंकि विमान अच्छी स्थिति में था और पायलट भी अनुभवी थे।

लुफ्तहांसा के मुख्य कार्यकारी कार्स्टन स्पोहर ने एक बयान में कहा, “हम इस बात को समझ नहीं पा रहे हैं कि उतनी ऊंचाई पर उड़ रहे विमान में ऐसी कौन सी खामी आई, जिस पर दो अनुभवी पायलट काबू नहीं पा सके। हमें इस पर अभी भी यकीन नहीं हो रहा है।”

वहीं, जर्मनी के आंतरिक मंत्री थॉमस दे मेजियर ने दुर्घटना के बारे में अनुमान लगाने से चेतावनी देते हुए कहा कि इस घटना में तीसरे पक्ष के शामिल होने के बारे में कोई विश्वसनीय सबूत नहीं हैं।

स्पेन के बार्सिलोना से जर्मनी के डसेलडॉर्फ जा रहा जर्मनी की किफायती विमान सेवा लुफ्तहांसा का एयरबस ए320 विमान मंगलवार को फ्रेंच आल्प्स (फ्रांसीसी पहाड़ी क्षेत्र) के आल्पस-डे-हौते प्रांत में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। विमान में सवार सभी 150 यात्रियों की दुर्घटना में मौत हो गई थी, जिनमें 144 यात्री और छह विमान कर्मचारी शामिल थे।

फ्रांसीसी जांचकर्ताओं का कहना है कि जर्मनविंग्स की विमान सेवा की दुर्घटनाग्रस्त उड़ान संख्या 4यू9525 के कॉकपिट वॉइस रिकॉर्डर से उपयोगी आंकड़े प्राप्त हुए हैं।

‘बीबीसी’ की रिपोर्ट के अनुसार, फ्रांसीसी उड्डयन जांच एजेंसी के निदेशक रेमी जौती ने कहा कि विमान के कॉकपिट में ध्वनियां और आवाजें रिकॉर्ड हुई हैं, लेकिन इनसे किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा जा सकता है।

कॉकपिट वॉइस रिकॉर्डर मंगलवार को बरामद कर लिया गया था और विमान के दूसरे ब्लैक बॉक्स की तलाश अभी जारी है। पूरी तरह निष्कर्ष पर पहुंचने में कई सप्ताह या महीनों का समय भी लग सकता है।

जांचकर्ताओं का कहना है कि विमान फ्रेंच आल्प्स की सतह से बड़ी तेजी से टकराया था, लेकिन इससे विस्फोट नहीं हुआ।

जौती ने बताया कि नियंत्रण कक्ष को विमान के अनियंत्रित होकर गिरने का पता चला था और उन्होंने चालकों से संपर्क साधने की कोशिश की थी, जो असफल रही।

जर्मनविंग्स के प्रमुख थॉमस विंकलमैन ने कहा कि 144 में से 72 यात्री जर्मन नागरिक थे। स्पेन सरकार ने कहा क विमान में 51 स्पेनिश नागरिक थे। ब्रिटेन के विदेश सचिव फिलिप हैमंड ने विमान में तीन ब्रिटिश नागरिकों के होने की पुष्टि की।

इसके अलावा विमान में ऑस्ट्रेलिया, अर्जेटीना, ईरान, वेनेजुएला, अमेरिका, नीदरलैंड्स, कोलंबिया, मैक्सिको, जापान, डेनमार्क और इजरायल के नागरिक भी थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493