नेपेडा, 27 मार्च (आईएएनएस)। म्यांमार रक्षा सेवाओं के कमांडर-इन-चीफ सीनियर जनरल मीन आंग हलेइंग ने शुक्रवार को देश में नवंबर में होने वाले आम चुनाव को लेकर चुनावी संगठनों का सहयोग करने का संकल्प लिया।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, मीन आंग हलेइंग ने नेपेडा में 70वें सशस्त्र बल सेना दिवस के मौके पर अपने संबोधन में यह संकल्प लिया।
उन्होंने कहा कि नवंबर की शुरुआत में होने वाला चुनाव म्यांमार की लोकतांत्रिक प्रणाली के क्रियान्वयन में मील का पत्थर साबित होगा और चुनाव को सफल बनाने के लिए सशस्त्र सेना संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर काम करेगी।
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि व्यवस्थित, शांतिपूर्ण तथा सफल मतदान के लिए स्थिरता, शांति तथा कानून का शासन महत्वपूर्ण आवश्यकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि चुनाव में गड़बड़ी फैलाने तथा धमकी देकर मतदान कराने जैसी घटना को सशस्त्र सेना बर्दाश्त नहीं करेगी।
सशस्त्र सेना दिवस को प्रतिरोध (फासीवादियों के खिलाफ) दिवस के रूप में भी जाना जाता है। इस दिन आम तौर पर सैन्य परेड किया जाता है।
dharmpath.com dharmpath