इंडिया ओपन : सायना, श्रीकांत सेमीफाइनल में (लीड-1)

नई दिल्ली, 27 मार्च (आईएएनएस)। शीर्ष वरीय सायना नेहवाल और दूसरे वरीय किदांबी श्रीकांत ने शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी के सिरी फोर्ट स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में चल रहे योनेक्स सनराइज इंडिया ओपन वर्ल्ड सुपरसीरीज बैडमिंटन टूर्नामेंट के क्रमश: महिला एकल एवं पुरुष एकल वर्ग के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।

पुरुष एकल वर्ग में हालांकि भारत के ही एच. एस. प्रनॉय और आर. एम. वी. गुरुसाईदत्त को हार झेलनी पड़ी। दो दिन से चल रहे उलटफेर के सिलसिले को आगे बढ़ाते हुए शुक्रवार को भी तीसरे वरीय चीन के लिन डैन क्वार्टर फाइनल में हारकर बाहर हो गए।

महिला एकल वर्ग में सायना के अलावा दूसरी वरीय एवं मौजूदा विश्व चैम्पियन स्पेन की कैरोलीना मारिन और तीसरी वरीय थाईलैंड की इंतनोन रातचानोक ने भी सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।

चौथी विश्व वरीयता प्राप्त श्रीकांत ने संघर्षपूर्ण क्वार्टर फाइनल मैच में जापान के ताकुमा उएदा को 21-15, 23-25, 21-18 से हराया। श्रीकांत को हालांकि इस जीत के लिए एक घंटा 19 मिनट तक पसीना बहाना पड़ा।

पहले गेम में तो श्रीकांत कहीं बेहतर रहे और 3-3 के स्कोर के बाद कभी भी नहीं पिछड़े, लेकिन दूसरे गेम में एक समय वह 5-12 से पिछड़ चुके थे। श्रीकांत ने यहां से जबरदस्त वापसी की और स्कोर 15-16 तक पहुंचा दिया। इसके बाद दोनों खिलाड़ियों में एक-एक अंक के लिए कड़ा संघर्ष हुआ और अंतत: उएदा यह गेम जीतने में सफल रहे।

तीसरे और निर्णायक गेम में श्रीकांत ने अपनी श्रेष्ठता साबित की, हालांकि इस गेम में भी उन्हें उएदा से कड़ी चुनौती मिली।

अब सेमीफाइनल में श्रीकांत पहले ही दौर में चौथे वरीय चीनी ताइपे के चोऊ तिएन चेन को हराकर बड़ा उलटफेर करने वाले क्वालीफायर चीन श्यू सोंग से भिड़ेंगे। पुरुष एकल वर्ग का दूसरा सेमीफाइनल छठे वरीय डेनमार्क के विक्टर एक्सेलसेन और आठवें वरीय इंडोनेशिया के टॉमी सुगियार्तो के बीच होगा।

उधर महिला एकल वर्ग में दूसरी विश्व वरीयता प्राप्त सायना ने क्वार्टर फाइनल मैच में इंडोनेशिया की हाना रामाधिनी को 40 मिनट में 21-15, 21-12 से हराया।

सायना ने लगातार पांच अंक हासिल करते हुए पहले गेम की तेज शुरुआत की, हालांकि रामाधिनी संघर्ष करते हुए स्कोर 10-10 से बराबर करने में सफल रहीं। इसके बाद सायना ने तेजी दिखाई और रामाधिनी को कोई मौका दिए बगैर गेम अपने नाम कर लिया।

दूसरे गेम में सायना का दबदबा पूरे गेम के दौरान बना रहा और रामाधिनी एक बार भी बढ़त हासिल नहीं कर सकीं। सायना ने आखिरी पांच अंक लगातार अर्जित करते हुए मैच पर कब्जा कर लिया।

सायना अब सेमीफाइनल में जापान की यूई हाशिमोतो से भिड़ेंगी।

सायना की मुख्य प्रतिद्वंद्वी मानी जा रहीं दूसरी वरीय स्पेन की कैरोलीना मारिन भी शुक्रवार को सेमीफाइनल में प्रवेश करने में सफल रहीं।

मौजूदा विश्व चैम्पियन मारिन को हालांकि क्वार्टर फाइनल मैच में छठी वरीय जापान की नोजोमी ओकूहारा के खिलाफ एक घंटा 14 मिनट तक कड़ा संघर्ष करना पड़ा। मारिन ने ओकूहारा को 21-15, 17-21, 21-15 से हराया।

मारिन के लिए पहला गेम आसान रहा, लेकिन दूसरे गेम में उन्हें कड़ी चुनौती मिली और यह गेम हार जाने के कारण मैच तीसरे निर्णायक गेम तक खिंचा। तीसरे गेम में भी मध्य तक ओकूहारा ने अच्छा संघर्ष किया, लेकिन अपने सर्वश्रेष्ठ दौर में चल रही मारिन ने अंत में धैर्य से काम लेते हुए ओकूहारा को हरा दिया।

मारिन का सेमीफाइनल में तीसरी वरीय थाईलैंड की इंतनोन रातचानोक से मुकाबला होगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493