मेड्रिड, 28 मार्च (आईएएनएस)। स्ट्राइकर अल्वारो मोराटा के गोल की बदौलत स्पेन ने यूरो-2016 फुटबाल चैम्पियनशिप के क्वालीफाइंग मुकाबले में यूक्रेन को 1-0 से हरा दिया। पांच क्वालीफाइंग मैचों में स्पेन की यह चौथी जीत है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार शुक्रवार को खेले गए इस मैच में स्पेन का प्रदर्शन उत्साहजनक नहीं रहा, लेकिन अपना तीसरा अंतर्राष्ट्रीय मैच खेल रहे मोराटा के एक गोल ने टीम को महत्वपूर्ण तीन अंक दिला दिए।
मैच शुरू होने से पहले इसी हफ्ते एयर बर्लिन हवाई दुर्घटना में मारे गए लोगों की याद में एक मिनट का मौन रखा गया। इस हादसे में स्पेन के भी 50 नागरिकों की मौत हो गई थी।
स्पेन को गोल का पहला मौका खेल के नौवें मिनट में मिला लेकिन मोराटा इसका फायदा उठाने में नाकाम रहे। 28वें मिनट में मोराटा को एक और मौका मिला और इस बार वह सफल रहे।
हाफ टाइम से तीन मिनट पहले स्पेन के सार्जियो रामोस के पास गोल का एक मौका आया। रामोस लेकिन उस फ्री किक को गोल में नहीं बदल सके।
dharmpath.com dharmpath