बीजिंग, 31 मार्च (आईएएनएस)। चीन ने अपने स्वदेशी बीदोऊ वैश्विक नौवहन एवं दिशासूचक नेटवर्क के लिए सोमवार को अंतरिक्ष में नई पीढ़ी का एक उपग्रह छोड़ा।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रपट के मुताबिक, चाइना एयरोस्पेस साइंस एंड टेक्नोलॉजी कॉरपोरेशन द्वारा निर्मित यह उपग्रह, चीन के दक्षिण-पश्चिमी प्रांत सिचुआन के शीचांग उपग्रह प्रक्षेपण केंद्र से लॉन्ग मार्च-3सी प्रक्षेपण यान के जरिए छोड़ा गया।
यह बीदोऊ नौवहन उपग्रह प्रणाली (बीडीएस) के लिए 17वां उपग्रह है। यह उपग्रह बीडीएस कवरेज को क्षेत्रीय से वैश्विक कवरेज में विस्तारित करने के लिए छोड़ा गया है।
नया उपग्रह एक नए प्रकार के नौवहन संकेत और अंतर-उपग्रह संपर्को का परीक्षण करेगा और वैश्विक नेटवर्क निर्माण की शुरुआत का आधार उपलब्ध कराएगा।
प्रक्षेपण यान पर एक स्वतंत्र यान स्थापित किया गया था। चीन ने मध्यम से उच्च कक्षा में कोई अंतरिक्षयान छोड़ने की इस तरह की प्रौद्योगिकी का पहली बार इस्तेमाल किया है।
यह यान अंतरिक्ष की विभिन्न कक्षाओं में एक या अधिक अंतरिक्षयानों को भेज सकता है। इसे अंतरिक्ष में एक सटल बस कहते हैं।
चीन ने पहला बीडीएस वर्ष 2000 में छोड़ा था। बीडीएस ने दिसंबर, 2012 में चीन और एशिया प्रशांत के आसपास के क्षेत्रों में असैन्य उपभोक्ताओं को दिशा सूचना, नौवहन, समय और संक्षिप्त संदेश सेवा (एसएमएस) उपलब्ध कराना शुरू कर दिया था।
धीरे-धीरे इस प्रणाली का प्रयोग परिवहन, मौसम अनुमान, समुद्र में मछली पकड़ने, वानिकी और दूरसंचार में किया जाने लगा।
नए उपग्रह का विकास चायनीज एकेडमी ऑफ साइंसेज और शंघाई नगरपालिका प्रशासन द्वारा स्थापित एक गैर-लाभकारी संगठन, शंघाई इंजीनियरिंग सेंटर फॉर माइक्रोसैटेलाइट्स द्वारा किया गया है।
dharmpath.com dharmpath