मुंबई, 31 मार्च (आईएएनएस)। फिल्मकार होमी अदजानिया को लगता है कि इंटरनेट के लिए फिल्में बनाकर लोगों से आसानी से जुड़ा जा सकता है। उन्होंने कहा कि इंटरनेट लोगों को अपनी पसंद की फिल्में देखने का विकल्प प्रदान करता है।
अदजानिया ने आईएएनएस से कहा, “मैं इंटरनेट के लिए फिल्में तलाशने में बहुत दिलचस्पी लेता हूं। मुझे लगता है कि यही भविष्य है। इंटरनेट दर्शकों को अपनी पसंद की फिल्म खोजने का विकल्प प्रदान करता है, फिल्म को दर्शक ढूंढ़ने की आवश्यकता नहीं होती।”
इसका उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा, “फिल्म ‘फाइंडिंग फैनी’ के लिए हमें एक खास तरह से इसके प्रचार के बारे में सोचना था, ताकि दर्शक फिल्म देखने के लिए सिनेमाघर आएं। लेकिन ऑनलाइन फिल्मों में बात दूसरी होती है। यदि लोग ‘फाइंडिंग फैनी’ देखने में रुचि रखते हैं तो वे इसे इंटरनेट पर ढूंढ़ेंगे।”
उन्होंने हालांकि यह भी कहा कि इंटरनेट के लिए फिल्में बनाने से पहले इससे संबंधित सभी पहलुओं को ध्यान में रखने की आवश्यकता है।
अदजानिया ने हाल ही ‘वोग’ पत्रिका के लिए महिला सशक्तिकरण पर ‘माई च्वॉइस’ नाम से दो मिनट का एक वीडियो बनाया है। इस वीडियो को लेकर वह चर्चा में हैं। वह इससे पहले ‘कॉकटेल’ और ‘बीइंग सायरस’ जैसी फिल्मों का निर्माण कर चुके हैं।
dharmpath.com dharmpath