बगदाद, 31 मार्च (आईएएनएस)। इराक की राजधानी बगदाद के उत्तरी हिस्से में मंगलवार को शिया तीर्थयात्रियों को ले जा रही एक बस को निशाना बनाकर किए गए आत्मघाती हमले में कम से कम छह व्यक्ति मारे गए।
मरने वालों में ईरान के चार नागरिक भी शामिल हैं।
प्रेस टीवी की रपट के अनुसार, पुलिस ने इसकी पुष्टि की है कि बगदाद से 20 किलोमीटर उत्तर में ताजी कस्बे में आतंकवादियों के हमले में छह व्यक्तियों की मौत हो गई।
बस में शिया तीर्थयात्री सवार थे, जो पवित्र धर्मस्थल समारा से लौट रहे थे। बस एक गैस स्टेशन पर रुकी थी और यात्री बस से नीचे उतर ही रहे थे कि आत्मघाती हमलावर ने खुद को उड़ा दिया।
हमले की अब तक किसी आतंकवादी संगठन ने जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन हमला इस्लामिक स्टेट (आईएस) आतंकवादियों जैसा ही था।
उल्लेखनीय है कि आतंकवादी संगठन आईएस ने इराक और पड़ोसी देश सीरिया के कुछ हिस्सों पर नियंत्रण कर लिया है।
dharmpath.com dharmpath