केन्या में विश्वविद्यालय पर हमला, 8 मरे (लीड-1)

नैरोबी, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। पूर्वोत्तर केन्या के एक विश्वविद्यालय पर अज्ञात बंदूकधारियों के हमले में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 घायल हो गए। एक राहत एजेंसी ने गुरुवार को यह जानकारी दी।

यह हमला सोमालिया की सीमा के निकट स्थित गेरिसा कस्बे में एमओआई विश्वविद्यालय परिसर पर सुबह 5.30 बजे हुआ।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, केन्या रेड क्रॉस सोसायटी ने कहा कि घायल लोगों को अस्पताल ले जाया गया है। उनमें से चार की हालत गंभीर थी, जिस कारण उन्हें बाद में विशेष इलाज के लिए विमान से नैरोबी भेज दिया गया।

एजेंसी ने कहा कि घायल लोगों को चढ़ाने के लिए अस्पताल को खून की सख्त जरूरत है।

एक प्रत्यक्षदर्शी इस्माइल आब्दीकादिर ने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है, लेकिन कई घायलों को अभी भी अस्तपताल पहुंचाया जाना बाकी है। हमलावर बंदूकधारी सुबह की नमाज के वक्त मौलानाओं के भेष में कॉलेज के अंदर घुसे।

आब्दीकादिर ने सिन्हुआ को टेलीफोन पर बताया, “कुछ घायलों के पैर काटने पड़े हैं और उनमें से अधिकांश को गोलियां लगी हैं।”

इससे पहले, केन्या नेशनल डिसास्टर ऑपरेशंस सेंटर के हवाले से खबरें आई थीं कि बंदूकधारी अभी भी कॉलेज परिसर में हैं, जिससे सामूहिक हत्याओं की आशंका बनी हुई है।

एक छात्र हमजा यूसुफ ने कहा, “सुरक्षा बलों ने बंदूकधारियों को एक छात्रावास में पहुंचा दिया है। वे किसी को परिसर के अंदर नहीं जाने दे रहे हैं और इसे नियंत्रण में ले लिया है।”

आधिकारिक खबरों के मुताबिक, 30 से ज्यादा छात्र सुरक्षित रूप से परिसर से भागने में कामयाब हुए हैं। परिसर से भागते समय गोलियों से घायल हुए छात्रों का उपचार किया जा रहा है।

केन्या रेडक्रॉस और अन्य मानवता सहायता संगठन बचाव सेवाओं के लिए घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं।

हमला परिसर के अंदर बने मस्जिद से शुरू हुआ, जहां हमलावरों ने मस्जिद के मौलानाओं की गोली मार कर हत्या कर दी।

गोलीबारी से बचे छात्रों ने बताया कि परिसर में कम से कम पांच हमलावर है। बहुत से अन्य छात्र और शिक्षक अभी भी बंधक बने हुए हैं।

सुरक्षा अधिकारियों ने कहा कि आतंकवादी समूहों से अभी भी संस्थान को खतरा है।

सुरक्षा अधिकारी ने कहा, “हमें पहले भी खतरा था और इसलिए संस्थान को अलर्ट किया गया था।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493