यमन : अलकायदा ने हमला कर 300 कैदियों को छुड़ाया

सना, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। आतंकवादी संगठन अरब प्रायद्वीप में अलकायदा (एक्यूएपी) ने गुरुवार को यमन के पूर्वी प्रांत हाद्रामौत की राजधानी अल-मुकल्ला में बड़े पैमाने पर हमला कर केंद्रीय कारागार से 300 कैदियों को रिहा करा लिया।

सुरक्षा बल के सूत्रों ने समाचार एजेंसी एफे को बताया कि दर्जनों एक्यूएपी लड़ाकों ने एक साथ छह सैन्य ठिकानों के साथ-साथ प्रांतीय सरकार के कई कार्यालयों, तीन सरकारी बैंकों और प्रांत की मुख्य जेल पर हमला कर दिया।

सूत्रों ने बताया कि जिहादियों ने रिपब्लिकन प्लेस पर विस्फोटक, मशीनगनों और हथगोलों से हमला कर दिया। जब राष्ट्रपति प्रांत में होते हैं तो रिपब्लिकन प्लेस उनका स्थानीय निवास होता है।

सूत्रों के मुताबिक, केंद्रीय कारागार पर हमले के दौरान जेल के चार सुरक्षाकर्मियों, पांच कैदियों और तीन हमलावरों की भी मौत हो गई।

रिहा हुए 300 कैदियों में दर्जनों कैदी अलकायदा के सदस्य थे। सूत्रों ने बताया कि इनमें आतंकवादी समूह का नेता खालिद सईद बतर्फी भी शामिल था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493