नई दिल्ली, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय महिला हॉकी टीम की सीनियर स्ट्राइकर पूनम रानी ने शुक्रवार को कहा कि 11 से 19 अप्रैल के बीच आयोजित होने वाले हॉक्स बे कप में मेजबान न्यूजीलैंड सहित आस्ट्रेलिया से टीम को कड़ी टक्कर मिलने की उम्मीद है।
पूनम ने कहा कि वह, वंदना कटारिया और रानी रामपाल आस्ट्रेलिया तथा न्यूजीलैंड से मुकाबले के लिए नई रणनीतियों पर काम कर रहे हैं क्योंकि इन दोनों टीमों के खिलाफ खेलना भारतीय टीम के लिए सबसे बड़ी चुनौती होगी।
इस टूर्नामेंट में भारत सहित, अर्जेटीना, आस्ट्रेलिया, चीन, जापान दक्षिण कोरिया, अमेरिका और न्यूजीलैंड की टीमें हिस्सा लेंगी।
पूनम 100 से भी ज्यादा मैचों में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। पूनम के अनुसार, “मैदान पर खिलाड़ियों की गति इस टूर्नामेंट में सबसे बड़ा अंतर पैदा करेगी। हम इस पर काम कर रहे हैं और अपनी फिटनेस पर भी ध्यान दे रहे हैं।”
भारतीय टीम फिलहाल सात अप्रैल तक हाई परफॉरमेंस डायरेक्टर रोएलांट ओल्टमांस के मार्गदर्शन में अभ्यास शिविर में हिस्सा ले रही है। यह अभ्यास शिविर 22 मार्च से चल रहा है।
टीम बेल्जियम में हॉकी वर्ल्ड लीग (एचडब्ल्यूएल) सेमीफाइनल की तैयारियों में भी जुटी है। बेल्जियम में अगर भारतीय टीम शीर्ष तीन में स्थान हासिल करता है तो वह अगले साल रियो में होने वाले ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर जाएगी।
dharmpath.com dharmpath