लंदन, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। पॉप बैंड ‘वन डायरेक्शन’ के सदस्य लियाम पायने का कहना है कि जायन मलिक के बैंड छोड़कर जाने के बाद बैंड के सदस्यों को उनकी काफी कमी खलती है। शुरुआत में जो सदस्यों को समझ ही नहीं आ रहा था कि वे उनकी कमी की भरपाई कैसे करेंगे।
वेबसाइट ‘एसशोबिज डॉट कॉम’ के मुताबिक, जायन के बैंड छोड़कर जाने के बाद अब हैरी स्टाइल्स, नियाल होरान, लुईस टॉमलिंसन और लियाम इसके सदस्य रह गए हैं।
लियाम ने ‘द सन’ समाचारपत्र को दिए एक साक्षात्कार में कहा, “कुछ दिनों तक यह बहुत मुश्किल था। संभवत: पांच साल पहले बैंड बनने से लेकर अब तक का यह सबसे कठिन समय था। जायन के बैंड छोड़ने के फैसले से हम बहुत दुखी थे। हालांकि जायन के बगैर कुछ प्रस्ततुतियां देने के बाद हममें आत्मविश्वास आया है और हमने पहले से कहीं अधिक मजबूत बनने का फैसला किया है।”
वहीं, लुईस ने कहा कि वह और बैंड में बचे उनके तीन अन्य साथी वन डायरेक्शन में बने रहने को प्रतिबद्ध हैं, क्योंकि वे अभी बहुत कुछ पाना चाहते हैं।
वन डायरेक्शन बैंड ने अपने प्रशंसकों का भी शुक्रिया अदा किया और एक नई संगीत यात्रा और आकर्षक अलबम के साथ वापसी करने का वादा किया, जिस पर वे पहले से काम कर रहे हैं।
स्टाइल्स ने बताया, “हम अपने पांचवें अलबम पर काम करते हुए काफी उत्साहित हैं।”
dharmpath.com dharmpath