सिंगापुर, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत के शीर्ष बैडमिंटन पुरुष खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत के अलावा राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेता पारुपल्ली कश्यप और एच. एस. प्रनॉय ने बुधवार को अपने-अपने मैच जीतते हुए 300,000 डॉलर इनामी राशि वाले सिंगापुर ओपन वर्ल्ड सुपरसीरीज के पुरुष एकल वर्ग के दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया।
महिला युगल वर्ग से भी भारत के लिए अच्छी खबर आई और ज्वाला गुट्टा तथा अश्विनी पोनप्पा की जोड़ी दूसरे दौर में पहुंचने में सफल रही। भारतीय जोड़ी ने सिंगापुर इनडोर स्टेडियम में खेले गए मैच में दक्षिण कोरिया की गो एह रा और यू हे वून को 33 मिनट में 21-12, 21-16 से हराया।
पुरुष एकल में विश्व के चौथे वरीयता प्राप्त श्रीकांत ने 28वें वरीयता वाले वियतनाम के तिन मिन्ह नुएन को 51 मिनट चले संघर्षपूर्ण मुकाबले में 21-18, 19-21, 21-14 से हराया। दूसरे दौर में श्रीकांत अब 19वें वरीयता प्राप्त थाईलैंड के तानोंगसाक सोनसोमबुनसुकका सामना करेंगे।
दूसरी ओर, 17वें वरीयता प्राप्त कश्यप को दक्षिण कोरिया के ली ह्यून इल के खिलाफ पहले दौर के मैच में खास मशक्कत नहीं करनी पड़ी और उन्होंने 33 मिनट में 21-11, 21-13 से जीत हासिल कर ली। कश्यप 26वें वरीयता प्राप्त ह्यून को दूसरी बार हराने में कामयाब हुए हैं। दोनों अब तक पांच बार एक-दूसरे का सामना कर चुके हैं।
कश्यप अब दूसरे दौर में चौथे वरीय दक्षिण करिया के ही सन वान हो से भिड़ेंगे। कश्यप और सन वान पूर्व में अपने करियर में दो बार एक-दूसरे से भिड़े हैं और दोनों ही बार भारतीय खिलाड़ी को हार का सामना करना पड़ा है।
सन वान भारतीय खिलाड़ी आर. एम. वी. गुरुसाईदत्त को एक घंटे तीन मिनट में 16-21, 21-12, 21-15 से हराकर दूसरे दौर में पहुंचे।
प्रनॉय ने हांगकांग के वोंग विंग कि विंसेट को 40 मिनट में 21-15, 21-17 से हराया।
महिला एकल वर्ग में भारत की पी. सी तुलसी को डेनमार्क की लिन क्जाएरस्फेल्ट से 16-21, 14-21 से हार का सामना करना पड़ा। महिला एकल वर्ग में इसके साथ ही भारतीय चुनौती समाप्त हो गई।
मिश्रित युगल वर्ग में भारत के तरूण कोना और एन. सिक्की रेड्डी को दक्षिण कोरिया के को सुंग ह्यून और किम हा ना की जोड़ी ने 29 मिनट में 21-15, 21-17 से मात दी।
dharmpath.com dharmpath