मुम्बई, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने शुक्रवार को आस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रिची बेनो के निधन पर शोक जाहिर किया। बेनो ने गुरुवार रात को सिडनी में अंतिम सांस ली।
बेनो काफी समय से त्वचा कैंसर से पीड़ित थे। बेनो को एक महान खिलाड़ी के अलावा अति सफल कमेंटेटर के तौर पर याद किया जाता है।
बीसीसीआई सचिव अनुराग ठाकुर ने कहा, ” बेनो अति प्रतिस्पर्धी खिलाड़ी का एक महान उदाहरण हैं। उन्होंने जिस सम्मान के साथ मैदान के बाहर और अंदर व्यवहार किया वह काबिलेतारीफ है। हम उनके परिवार, दोस्तों और समूची क्रिकेट बिरादरी के साथ सद्भावना व्यक्त करते हैं।”
वर्ष 1964 में क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद बेनो ने एक स्तंभकार और प्रसारणकर्ता के तौर पर साखयुक्त ख्याति अर्जित की। क्रिकेट जगत में उनके बयानों को काफी गम्भीरता से लिया जाता था।
ठाकुर ने कहा, “बेनो का निधन क्रिकेट जगत के लिए अपूर्णनीय क्षति है। वह एक महान खिलाड़ी और इंसान थे। मैं बीसीसीआई की ओर से उनके आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं।”
dharmpath.com dharmpath