सीरिया : हवाई हमले में 5 बच्चों सहित 9 मरे

दमिश्क, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तरी सीरिया के अलेप्पो शहर में रविवार को हुए हवाई हमले में पांच बच्चों सहित कम से कम नौ व्यक्ति मारे गए। यह क्षेत्र विद्रोहियों के नियंत्रण में है।

सीरियाई मानवाधिकार निगरानी संस्था ने कहा है कि ये हवाई हमले अलेप्पो के पास के अंसारी शहर में जामिल अल-कबानी स्कूल को निशाना बनाकर किए गए। बड़ी संख्या में घायल हुए लोगों की वजह से मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है।

समाचार एजेंसी ‘सिन्हुआ’ के अनुसार, निगरानी संस्था ने कहा कि अलेप्पो में शेख खुदर जिले में बम हमले में एक बच्चे की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।

सीरिया की समाचार एजेंसी ‘एसएएनए’ और कार्यकर्ताओं ने कहा कि ये हवाई हमले अलेप्पो में सरकार नियंत्रित क्षेत्रों में विद्रोहियों द्वारा गोलाबारी करने के एक दिन बाद किए गए, जिसमें कम से कम 17 लोगों की मौत हो गई थी।

अलेप्पो सीरिया का दूसरा सबसे बड़ा शहर और देश का पूर्व आर्थिक केंद्र है और अब यह शहर सीरिया में लंबे समय से जारी संघर्ष का मुख्य केंद्र बना हुआ है।

यह शहर पश्चिम में सरकार नियंत्रित क्षेत्रों और पूर्व में विद्रोही नियंत्रित क्षेत्रों के रूप में बंटा है और दोनों ही पक्षों द्वारा प्रतिदिन एक-दूसरे पर गोलाबारी की जा रही है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493